Siddharthnagar News: जनसमस्याओं के ऑन-द-स्पॉट निपटारे के लिए बढ़नी चाफा में लगी डीएम की विशेष चौपाल
Siddharthnagar News: जनपद के नगर पंचायत बढ़नी चाफा में गुरुवार को जनता की शिकायतों और सरकारी योजनाओं की समीक्षा के लिए नगर की समस्या, नगर में समाधान चौपाल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में सजे इस मंच पर डुमरियागंज के पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह और मुख्य विकास अधिकारी (CDO) बलराम सिंह सहित जिले के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का आगाज डीएम द्वारा पूर्व विधायक के आत्मीय स्वागत के साथ हुआ, जिसके बाद सीधे जनता से संवाद शुरू किया गया। चौपाल में आए स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्हें सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।

लापरवाही पर नपेंगे अधिकारी, आयुष्मान और पेंशन पर विशेष जोर
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने कड़े लहजे में कहा कि जनता की समस्याओं को टालने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मौके पर मौजूद सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवास, पेंशन, राशन, किसान सम्मान निधि और आयुष्मान कार्ड जैसे मामलों में कोई देरी नहीं होनी चाहिए। डीएम ने विशेष रूप से ₹5 लाख तक का मुफ्त इलाज देने वाले आयुष्मान कार्ड को शत-प्रतिशत बनवाने पर जोर दिया। इसके अलावा ज़मीन के विवाद, पैमाइश, वरासत, और जन्म-मृत्यु, आय या जाति प्रमाण पत्र जैसे जरूरी दस्तावेजों को तय समय सीमा के भीतर जारी करने का आदेश दिया।

विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है बढ़नी चाफा
कार्यक्रम में पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने जिलाधिकारी की इस अनूठी पहल की सराहना की। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद से अब तक 1,980 पात्र लोगों को पक्का आवास मिल चुका है। केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियां सीधे आम जनता की चौखट तक पहुँच रही हैं। वहीं सीडीओ बलराम सिंह ने बताया कि चौपाल परिसर में अलग-अलग विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहाँ न सिर्फ योजनाओं की जानकारी दी गई बल्कि कई समस्याओं का तुरंत निपटारा भी किया गया।

गोदभराई और अन्नप्राशन से बढ़ा कार्यक्रम का उत्साह
इस प्रशासनिक चौपाल में सामाजिक सरोकार की झलक भी देखने को मिली। जिलाधिकारी और पूर्व विधायक ने विभागीय स्टॉलों का बारीकी से निरीक्षण किया। इसी दौरान स्वास्थ्य और बाल विकास विभाग के सौजन्य से गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी पूरे रीति-रिवाज के साथ कराया गया।
इस विशेष मौके पर एसडीएम डुमरियागंज विवेकानंद मिश्रा, डीडीओ राजमणि वर्मा, जिला कृषि अधिकारी रविशंकर पाण्डेय, बीडीओ विजय सिंह, ईओ नवीन सिंह और नगर पंचायत अध्यक्ष धर्मराज वर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: बिजली विभाग में 2005 पदों पर बंपर भर्ती, JE से लेकर अकाउंटेंट तक निकली वैकेंसी

