मुंद्रा पोर्ट ड्रग्स केस में ईडी ने मशहूर बिजनेसमैन हैप्पी तलवार को किया गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: देश की राजधानी दिल्ली के हाई-प्रोफाइल पार्टी सर्किट और नाइटलाइफ का चर्चित चेहरा रहे प्लेबॉय क्लब के पूर्व फ्रैंचाइजी होल्डर हरप्रीत सिंह तलवार उर्फ हैप्पी तलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया है। यह एक्शन साल 2021 में गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर जब्त की गई करीब 3,000 किलोग्राम हेरोइन की तस्करी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लिया गया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस अवैध ड्रग नेटवर्क के तार न सिर्फ अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट से जुड़े हैं, बल्कि इसके पीछे पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI समर्थित नेटवर्क का हाथ होने का भी अंदेशा है।
यह पूरा मामला तब शुरू हुआ था जब डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने 2021 में मुंद्रा पोर्ट पर एक कंटेनर से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की थी। यह खेप अफगानिस्तान से चली और ईरान के बंदर अब्बास पोर्ट होते हुए भारत पहुँची थी। मामले की गंभीरता और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन को देखते हुए गृह मंत्रालय ने इसकी जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दी थी। NIA की जांच में साफ हुआ कि विदेशी ड्रग माफिया भारत में हेरोइन की बड़ी सप्लाई के लिए अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक रास्तों (ट्रेड रूट्स) का इस्तेमाल कर रहे थे।
7 कंपनियां और 42 धुरंधर रडार पर, चार्जशीट दाखिल
जांच के दौरान पंकज वैद उर्फ संजू बाबा जैसे आरोपियों के नाम सामने आए, जो भारत में हेरोइन की प्रोसेसिंग और डिस्ट्रीब्यूशन का काम देख रहे थे। NIA इस मामले में अब तक कई सप्लीमेंट्री चार्जशीट कोर्ट में पेश कर चुकी है, जिसमें कुल 42 मुख्य आरोपियों और 7 संदिग्ध कंपनियों को नामजद किया गया है।
अब हैप्पी तलवार की कुंडली खंगाल रही ED
चूँकि इस काले कारोबार में अरबों रुपये के हेरफेर की बात सामने आई थी, इसलिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इसमें मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज कर जांच शुरू की। ED मुख्य रूप से यह पता लगा रही है कि ड्रग्स बेचकर कमाए गए पैसों को किन-किन वैध और अवैध बिजनेस में खपाया गया। इसी फाइनेंशियल ट्रेल (पैसों के लेन-देन) की कड़ियाँ जोड़ते हुए हरप्रीत सिंह तलवार का नाम सामने आया, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। जांच एजेंसियां अब यह पुख्ता कर रही हैं कि दिल्ली की पार्टियों में रसूख रखने वाला हैप्पी तलवार सिर्फ पैसों को इधर-उधर करने (हवाला) का जरिया था या फिर इस खूनी सिंडिकेट का कोई बड़ा रणनीतिकार। आने वाले दिनों में इस मामले में दिल्ली और मुंबई के कई और रसूखदार नाम सामने आ सकते हैं।
Also Read: Bollywood News: 2 साल से लाइमलाइट से दूर अलका याग्निक, इस दुर्लभ बीमारी ने रोका सिंगिंग करियर

