Health Tips: क्या आप भी कम पीते हैं पानी, रिसर्च में सामने आए चौंकाने वाले तथ्य
Water Intake Benefits: अक्सर लोग पानी को सिर्फ प्यास बुझाने का जरिया मानते हैं, लेकिन नई रिसर्च बताती है कि पानी हमारे दिमाग को सही तरीके से काम करने में भी बड़ी भूमिका निभाता है। NCBI में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, शरीर में सिर्फ 1 से 2 प्रतिशत पानी की कमी, जिसे मेडिकल भाषा में माइल्ड डिहाइड्रेशन कहा जाता है, वह भी ब्रेन फंक्शन को प्रभावित कर सकती है। इससे सोचने, समझने, याद रखने और निर्णय लेने की क्षमता कमजोर पड़ सकती है। यह समस्या किसी भी उम्र के व्यक्ति को हो सकती है।
दिमाग तक पोषक तत्व पहुंचाने में पानी की अहम भूमिका
अमेरिका की लोन स्टार न्यूरोलॉजी की रिसर्च के अनुसार, दिमाग को सही तरीके से काम करने के लिए विटामिन और पोषक तत्वों की जरूरत होती है। इन्हें दिमाग तक पहुंचाने का काम पानी करता है।
इतना ही नहीं, पानी दिमाग में मौजूद अरबों नर्व सेल्स के बीच इलेक्ट्रिकल और केमिकल सिग्नल भेजने में भी मदद करता है। पानी की कमी होने पर यह प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है, जिससे याददाश्त, एकाग्रता और प्रतिक्रिया देने की क्षमता कमजोर होने लगती है।

डिहाइड्रेशन से बढ़ सकती हैं मानसिक समस्याएं
विशेषज्ञों के अनुसार पानी दिमाग को साफ रखने में भी मदद करता है। पानी की कमी होने पर ग्लिम्फैटिक सिस्टम ठीक से काम नहीं कर पाता, जिससे दिमाग में टॉक्सिक प्रोटीन और वेस्ट प्रोडक्ट जमा होने लगते हैं। इससे नींद की समस्या, तनाव, चिंता, थकान और अल्जाइमर जैसी गंभीर परेशानियों का खतरा बढ़ सकता है।
रिसर्च में यह भी बताया गया है कि डिहाइड्रेशन प्रतिक्रिया देने की गति को धीमा कर सकता है और लंबे समय तक रहने पर ब्लड फ्लो को भी प्रभावित कर सकता है।

कितना पानी पीना चाहिए
हार्वर्ड स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के अनुसार, स्वस्थ रहने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है। आमतौर पर वयस्कों को रोजाना लगभग 8 गिलास पानी पीने की सलाह दी जाती है, हालांकि यह जरूरत उम्र, शरीर और गतिविधियों के अनुसार अलग-अलग हो सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि रोजाना पानी पीने की आदत बनाएं और अपनी जरूरत के अनुसार शरीर को हाइड्रेट रखें।


