कोलकाता में पुलिस उपायुक्त और कारोबारी के घर ED की रेड

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रविवार सुबह कोलकाता पुलिस के डिप्टी कमिश्नर शांतनु सिन्हा बिस्वास और कारोबारी जॉय कामदार के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई शुरू की है। यह छापेमारी धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत कुख्यात अपराधी ‘सोना पप्पू’ से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की जा रही है।

सुबह-सुबह पहुंची ED की टीमें

केंद्रीय जांच एजेंसी की टीमों ने आज सुबह करीब 6:30 बजे दो अलग-अलग इलाकों में दस्तक दी।

शांतनु सिन्हा बिस्वास: बल्लीगंज के फर्न रोड स्थित उनके फ्लैट पर छापेमारी चल रही है। शांतनु लंबे समय तक कालीघाट पुलिस स्टेशन के इंचार्ज रहे हैं और कोयला घोटाले में भी दिल्ली तलब किए जा चुके हैं।

जॉय कामदार: सन एंटरप्राइज के मैनेजिंग डायरेक्टर जॉय कामदार के बेहाला स्थित आवास पर भी जांच जारी है।

ED की यह कार्रवाई दक्षिण कोलकाता के कुख्यात अपराधी सोना पप्पू के खिलाफ चल रही जांच का हिस्सा है। पप्पू पर हत्या के प्रयास, दंगा भड़काने और जबरन वसूली के कई मामले दर्ज हैं। वह फरवरी में हुए गोलपार्क गैंगवार का मुख्य आरोपी है। आरोप है कि पप्पू निर्माण कंपनियों से करोड़ों रुपये की उगाही कर उसे प्रभावशाली लोगों तक पहुँचाता था।

अब तक की बरामदगी और कार्रवाई

जांच एजेंसियों के मुताबिक, सोना पप्पू संगठित आपराधिक गिरोह के जरिए अवैध धन जुटाता था। ED ने तलाशी के दौरान 1.47 करोड़ रुपये नकद, 67.64 लाख रुपये के गहने और एक अवैध रिवॉल्वर जब्त की थी। 9 अप्रैल को ED ने पप्पू को समन जारी किया था, लेकिन वह अब तक जांच में शामिल नहीं हुआ है और पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

Also Read: IPL इतिहास का सबसे खराब कप्तान! अजिंक्य रहाणे के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.