पुलिस की पिस्टल छीनकर भाग रहा था पूर्व फौजी, जवाबी फायरिंग में साइको किलर ढेर

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली और वाराणसी में महज 26 घंटे के भीतर तीन बेगुनाह लोगों की बेरहमी से हत्या करने वाले साइको किलर गुरप्रीत सिंह (45) का अंत हो गया है। सोमवार देर रात चंदौली पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में आरोपी मारा गया। अमृतसर का रहने वाला गुरप्रीत भारतीय सेना से रिटायर होने के बाद एक खौफनाक सीरियल किलर बन चुका था, जो बिना किसी रंजिश के लोगों की कनपटी पर गोली दाग देता था।

क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान पुलिस पर हमला

चंदौली के पुलिस अधीक्षक (SP) आकाश पटेल ने बताया कि पुलिस टीम आरोपी को लेकर वारदात वाली जगहों पर कड़ियों को जोड़ने और क्राइम सीन रीक्रिएट कराने ले गई थी। इसी दौरान गुरप्रीत ने मौका पाकर एक पुलिस अधिकारी की सरकारी पिस्टल छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी को गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सेना से रिटायरमेंट के बाद बना सनकी हत्यारा

45 वर्षीय गुरप्रीत सिंह 6 साल पहले सेना से सेवानिवृत्त हुआ था। जांच में सामने आया कि वह अत्यधिक शराब का आदी था और उसका कोई स्थायी ठिकाना नहीं था। उसका मर्डर पैटर्न किसी भी पेशेवर अपराधी से कहीं ज्यादा डरावना था।

पहली हत्या: रविवार सुबह चंदौली में एक पैसेंजर ट्रेन के अंदर एक युवक को मौत के घाट उतारा।

दूसरी हत्या: रविवार देर रात जम्मूतवी एक्सप्रेस में एक अन्य यात्री की कनपटी पर गोली मार दी।

तीसरी हत्या: सोमवार सुबह चंदौली के एक निजी अस्पताल में घुसकर बेड पर लेटी बेबस महिला की सरेआम हत्या कर दी।

सोमवार को तीसरी हत्या के बाद भीड़ ने गुरप्रीत को दबोच कर पुलिस के हवाले किया था। पूछताछ में जब पुलिस ने हत्या की वजह पूछी, तो उसने बेहद संवेदनहीनता से कहा, मैं मन का राजा हूँ। शराब के बाद होश नहीं रहता, जो मन में आता है वही करता हूँ। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गुरप्रीत गंभीर मानसिक विक्षिप्तता का शिकार था और शराब के नशे में हिंसक हो जाता था।

Also Read: थलापति विजय का बड़ा फैसला, तमिलनाडु में बंद होंगी 717 शराब की दुकानें, धार्मिक स्थलों और स्कूलों के पास से हटेंगी भट्ठियाँ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.