थलापति विजय का बड़ा फैसला, तमिलनाडु में बंद होंगी 717 शराब की दुकानें, धार्मिक स्थलों और स्कूलों के पास से हटेंगी भट्ठियाँ
Sandesh Wahak Digital Desk: तमिलनाडु की सत्ता संभालते ही मुख्यमंत्री एस. जोसेफ विजय ने जनहित में एक और साहसिक निर्णय लिया है। राज्य सरकार ने अगले दो सप्ताह के भीतर 717 तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन की शराब दुकानों को स्थायी रूप से बंद करने का आदेश जारी किया है। ये वे दुकानें हैं जो धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और बस स्टैंडों के 500 मीटर के दायरे में चल रही थीं। मुख्यमंत्री के इस कदम को राज्य में सामाजिक सुधार और सार्वजनिक व्यवस्था की मजबूती की दिशा में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
सर्वे के बाद ब्लैकलिस्ट हुईं 717 दुकानें
मुख्यमंत्री विजय के निर्देश पर राज्य भर में शराब दुकानों की स्थिति का सर्वे कराया गया था। वर्तमान में राज्य में कुल 4,765 TASMAC दुकानें संचालित हैं। सर्वे रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि इनमें से 717 दुकानें तय नियमों का उल्लंघन कर रही थीं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 276 दुकानें- मंदिर, मस्जिद और चर्च जैसे धार्मिक स्थलों के पास स्थित हैं। 186 दुकानें- स्कूल और कॉलेजों के बेहद करीब चल रही थीं। 255 दुकानें- बस स्टैंड्स के आसपास संचालित हो रही थीं, जिससे आम यात्रियों को असुविधा होती थी।
दो हफ्तों में लागू होगा आदेश
सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अगले 14 दिनों के भीतर चिन्हित सभी दुकानों को चरणबद्ध तरीके से बंद कर दिया जाए। लंबे समय से स्थानीय लोग और महिला संगठन धार्मिक स्थलों और शिक्षण संस्थानों के पास शराब की बिक्री का विरोध कर रहे थे। मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के इस त्वरित फैसले को उनकी सामाजिक जिम्मेदारी और जनभावनाओं के प्रति संवेदनशीलता से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में भी इसे एक बड़ा सुधार बताया जा रहा है।
Also Read: सपा सांसद अजेंद्र लोधी पर एफआईआर दर्ज, पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी मामले में बढ़ी मुश्किलें

