गंगा स्नान के दौरान 5 बच्चियां डूबी, एक का शव बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के मुंगेर जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगा स्नान करने गईं पांच बच्चियां अचानक नदी की तेज मुख्य धारा में बहकर लापता हो गईं। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है। पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी से अब तक एक बच्ची का शव नदी से निकाल लिया गया है, जबकि बाकी चार बच्चियों को सुरक्षित ढूंढने के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

यह भीषण हादसा श्यामपुर घाट पर उस समय हुआ जब श्यामपुर निवासी क्रांति पासवान की चार बेटियां और चमकलाल पासवान की एक बेटी गंगा स्नान के लिए गई थीं। पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण पांचों बच्चियां एक साथ गहरे पानी में समा गईं। घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन नदी का बहाव इतना तेज था कि देखते ही देखते बच्चियां आँखों से ओझल हो गईं।

चार बहनों के डूबने से क्षेत्र के दहशत

घटना की जानकारी मिलते ही वासुदेवपुर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू कराया। जिला प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीमों को रेस्क्यू के लिए उतारा है।

नदी में लापता हुई बच्चियों की पहचान संगीता कुमारी (18 वर्ष), बिनीता कुमारी (16 वर्ष), संध्या कुमारी (14 वर्ष), सोनम कुमारी (12 वर्ष) पुत्री क्रांति पासवान और हिना कुमारी (19 वर्ष) पुत्री चमकलाल पासवान के रूप में हुई है। एक ही घर की चार सगी बहनों के इस हादसे का शिकार होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और लापता बच्चियों को तलाशने के लिए हर मुमकिन कोशिश की जा रही है।

Also Read: भूखा रहना मंजूर था, लेकिन पढ़ाई छोड़ना नहीं, बिहार के रफीक का विदेश में बजा डंका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.