गंगा में नाव पार्टी केस में 5 आरोपियों को कोर्ट से राहत, वायरल वीडियो पर हुआ था एक्शन
Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा नदी के बीच नाव पर कथित रूप से शराब पीने और नॉनवेज पार्टी करने के मामले में गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों को अदालत से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने सभी आरोपियों को जमानत दे दी है। आरोपियों को मंगलवार को रिहा कर दिया गया। इस मामले ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद काफी चर्चा बटोरी थी।
बचाव पक्ष के अधिवक्ता विकास सिंह के अनुसार, कार्यकारी मजिस्ट्रेट एवं सहायक पुलिस आयुक्त की अदालत ने प्रत्येक आरोपी को 20-20 हजार रुपये की दो जमानतें और व्यक्तिगत मुचलका दाखिल करने के बाद रिहा करने का आदेश दिया। जमानत पाने वालों में रामनगर क्षेत्र के सूजाबाद पड़ाव निवासी दीपक कुमार, नाविक अजय साहनी, डोमरी निवासी अरुण कुमार साहनी, अनुराग निषाद और राहुल सहनी शामिल हैं।
सोशल मीडिया वीडियो के बाद शुरू हुई कार्रवाई
यह मामला सोमवार शाम उस समय सामने आया था, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में कुछ लोग गंगा नदी के बीच नाव पर कथित तौर पर बीयर पीते और मांसाहारी भोजन करते दिखाई दिए थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। संबंधित नाव को भी जब्त कर लिया गया था।
दशाश्वमेध क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया था कि सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा गया था। उनकी उम्र 25 से 32 वर्ष के बीच है और उन्हें 23 जून को गिरफ्तार किया गया था।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
गौरतलब है कि इसी साल मार्च में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था। 16 मार्च को वायरल हुए एक वीडियो में कुछ लोग गंगा नदी में नाव पर बिरयानी खाते दिखाई दिए थे। उस मामले में 14 युवकों को गिरफ्तार किया गया था। बाद में उन्हें इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी।

