यूपी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह का निधन, लखनऊ से दिल्ली तक शोक की लहर
दिल्ली पैरा ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पारुल सिंह ने व्यक्त की शोक संवेदना
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजनीति के एक युग का अंत हो गया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व कैबिनेट मंत्री और जौनपुर से पूर्व विधायक अरुण कुमार सिंह “मुन्ना जी” का उनके पैतृक गांव में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही लखनऊ, दिल्ली और जौनपुर सहित पूरे प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

दिल्ली पैरा ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पारुल सिंह ने अपने ताऊजी के निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए उन्हें अपना मार्गदर्शक बताया। उन्होंने कहा कि “मुन्ना जी” का जाना न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। पारुल सिंह के आवास पर आज शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा, जहां दिल्ली और लखनऊ के कई गणमान्य लोगों ने अपनी सहानुभूति प्रकट की।
छात्र राजनीति से सत्ता के शिखर तक का सफर
अरुण कुमार सिंह ‘मुन्ना’ की पहचान एक प्रखर और जुझारू नेता के रूप में थी। वह इलाहाबाद यूनिवर्सिटी छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष रहे, जहां से उन्होंने नेतृत्व की बारीकियां सीखीं। वह उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रहे और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दीं। जौनपुर से पूर्व विधायक रहे मुन्ना जी की छवि हमेशा एक जनसेवक की रही।
लखनऊ से दिल्ली तक शोक सभाओं का आयोजन
अरुण कुमार सिंह ‘मुन्ना’ के सम्मान में लखनऊ और दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर शोक सभाएं आयोजित की गईं। खेल जगत से जुड़ी हस्तियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। जौनपुर स्थित उनके पैतृक गांव में भी अंतिम दर्शन के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी।
Also Read: Lucknow News: भाजपा की ‘फ्लॉप’ रणनीति, प्रणीति शिंदे ने महिला आरक्षण को बताया सत्ता का लालच

