कांग्रेस अध्यक्ष की फिसली जुबान, पीएम मोदी को बताया ‘आतंकवादी’, चौतरफा घिरे तो देने लगे सफाई

Sandesh Wahak Digital Desk: लोकसभा चुनाव के बीच सियासी बयानबाजी ने मर्यादा की सीमाएं लांघ दी हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए उन्हें ‘आतंकवादी’ कह दिया। इस बयान के बाद देश भर में राजनीतिक बवाल मच गया है, जिसके बाद खरगे को सफाई देने के लिए सामने आना पड़ा।

क्या था पूरा मामला?

चेन्नई में पत्रकारों से बात करते हुए खरगे तमिलनाडु की राजनीति और AIADMK (अन्नाद्रमुक) के भाजपा के साथ जुड़ाव पर हमला बोल रहे थे। उन्होंने कहा ये AIADMK वाले अन्नादुरई की तस्वीर लगाते हैं, तो वे मोदी के साथ कैसे जुड़ सकते हैं? वह (पीएम मोदी) एक आतंकवादी हैं। उनकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं करती।  खरगे ने कहा कि AIADMK अपनी पहचान खो चुकी है और भाजपा की ‘चुपचाप गुलाम साझेदार’ बन गई है। उन्होंने एमके स्टालिन को ऐसा नेता बताया जो भाजपा के सामने झुकते नहीं हैं।

बवाल बढ़ा तो खरगे ने दी सफाई

बयान पर विवाद गहराने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्टीकरण जारी किया। उन्होंने कहा कि उनका मतलब प्रधानमंत्री को ‘आतंकवादी’ कहना नहीं था। “मेरा मतलब था कि मोदी हमेशा आतंक फैलाते हैं। वे ईडी, इनकम टैक्स और सीबीआई के जरिए राजनीतिक दलों और लोगों को आतंकित करते हैं। मैंने उन्हें आतंकवादी नहीं कहा, बल्कि यह कहा कि वे डराते-धमकाते हैं।”

चुनाव आयोग और संविधान संशोधन पर घेरा

खरगे ने महिला आरक्षण से जुड़े ‘संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 2026’ के बहाने भी पीएम को घेरा। उन्होंने कहा चुनाव के बीच राष्ट्र को संबोधित करना मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन है। खरगे ने चुनाव आयोग को भाजपा कार्यालय का ‘विस्तार’ बताते हुए मतदाता सूची में हेरफेर और डिलिमिटेशन (परिसीमन) को नियंत्रित करने की कोशिश का आरोप लगाया।

भाजपा का तीखा पलटवार: “175 बार कर चुके अपमान”

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने खरगे के बयान पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा “अफजल, याकूब और नक्सल कांग्रेस के लिए निर्दोष हैं, लेकिन एक चायवाला OBC प्रधानमंत्री इनके लिए आतंकवादी है।” पूनावाला ने दावा किया कि कांग्रेस अब तक प्रधानमंत्री का 175 बार अपमान कर चुकी है। उन्होंने इसे कांग्रेस की ‘संविधान विरोधी नफरती दुकान’ करार दिया।

Also Read: यूपी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह का निधन, लखनऊ से दिल्ली तक शोक की लहर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.