‘फरेबी फतह की मियाद होती है’, बीजेपी के बंगाल जीत पर अखिलेश यादव ने कसा तंज
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनाव परिणामों ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी बयानबाजी का दौर तेज कर दिया है। बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत और ममता बनर्जी की हार पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीखा तंज कसा है, वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने इसे ‘सुशासन की जीत’ करार देते हुए यूपी 2027 के लिए बड़ा एलान किया है।
अखिलेश यादव का शायराना हमला
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की हार से आहत सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए भाजपा की जीत पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा “हर फरेबी फतह की एक मियाद होती है। यह बात ही सच्चाई की बुनियाद होती है।”
अखिलेश यादव का यह बयान मतगणना में धांधली और केंद्रीय बलों के दुरुपयोग के उनके पिछले आरोपों की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने संकेत दिया कि यह जीत अनैतिक है और लंबे समय तक नहीं टिकेगी।
पंकज चौधरी का पलटवार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने चुनाव परिणामों को पीएम मोदी के विकास और विश्वास की जीत बताया। उन्होंने कहा गंगोत्री (उत्तराखंड/यूपी) से गंगासागर (बंगाल) तक भाजपा को मां गंगा और जनता जनार्दन का अटूट आशीर्वाद मिल रहा है। बंगाल में टीएमसी का ‘भय’ परास्त हुआ है और पीएम का ‘भरोसा’ विजयी हुआ है। असम में विकास की हैट्रिक ने साबित कर दिया है कि जनता अब केवल ‘परफॉर्मेंस’ चाहती है।
पंकज चौधरी ने स्पष्ट संदेश दिया कि पूर्वी भारत से उठी यह लहर उत्तर प्रदेश के ‘मिशन 2027’ को नई ऊर्जा देगी। उन्होंने कहा कि बंगाल और असम का परिणाम तो केवल ट्रेलर है, यूपी 2027 में सुशासन की हैट्रिक के साथ पूरी पिक्चर अभी बाकी है।
मिशन 2027 की तैयारी
पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सेवा ही संगठन के मंत्र के साथ जनता के बीच समर्पित हैं। बंगाल के नतीजों ने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया है और अब पूरी ताकत यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में रिकॉर्ड जीत दर्ज करने पर होगी।
Also Read: UP Weather Tragedy: आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 23 की मौत, आज 21 जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’

