UP Weather Tragedy: आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 23 की मौत, आज 21 जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में सोमवार को आए अचानक मौसम बदलाव ने जहां तपती गर्मी से राहत दी, वहीं यह कई परिवारों के लिए काल बन गया। प्रदेश के विभिन्न जिलों में तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से 23 लोगों की जान चली गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए बेहद गंभीर चेतावनी जारी करते हुए 21 जिलों में ओलावृष्टि और तूफान का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
अवध से लेकर तराई तक मची चीख-पुकार
सोमवार सुबह आए तूफान ने सबसे ज्यादा तबाही अवध और तराई के क्षेत्रों में मचाई। गोंडा में पेड़ गिरने, बिजली का तार टूटने और कार पलटने से 4 लोगों की मौत हो गई। बलरामपुर में पेड़ गिरने से ई-रिक्शा चालक ने दम तोड़ दिया, वहीं बहराइच और अंबेडकरनगर में आकाशीय बिजली गिरने से 2 युवकों की जान चली गई। संभल में रिकॉर्ड 130 मिमी और कासगंज में 97 मिमी बारिश दर्ज की गई। गोरखपुर, बरेली और मुरादाबाद में भी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया।
तापमान में ऐतिहासिक गिरावट: मई में ‘सिहरन’ का अहसास
80 से 85 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली बर्फीली हवाओं ने यूपी का पारा गिरा दिया।
गिरावट: अधिकतम तापमान सामान्य से 10 से 12 डिग्री सेल्सियस तक नीचे लुढ़क गया।
सबसे ठंडा दिन: बाराबंकी में तापमान 26.5 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 12.1 डिग्री कम है। शाहजहांपुर में भी पारा 27.8 डिग्री रहा।
आज के लिए चेतावनी: 21 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अगले तीन दिनों तक राहत के आसार नहीं हैं।
ऑरेंज अलर्ट (ओलावृष्टि और वज्रपात): प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, सुल्तानपुर, आजमगढ़ और अंबेडकरनगर सहित 21 जिलों में भारी ओलावृष्टि की आशंका है।
तेज हवाएं: गोरखपुर, बस्ती, महाराजगंज और बलिया समेत 30 जिलों में 70 किमी/घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
Also Read: Lucknow News: ग्रीन कॉरिडोर पर स्थापित होगा स्वदेशी लड़ाकू विमान का मॉडल, बनेगा नया ‘तेजस चौराहा’

