गोंडा में शव रखकर प्रदर्शन मामले में एक्शन, सपा नेत्री काजल निषाद समेत 60 पर FIR
Gonda News: उत्तर प्रदेश के गोंडा में बर्तन कारोबारी विनोद साहनी की मौत के बाद सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन करने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर को शाहपुर भग्गन चौराहे पर मार्ग जाम करने के आरोप में सपा नेत्री काजल निषाद, राजा निषाद और करीब 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
शव सड़क पर रखकर लगाया गया जाम
पुलिस में दर्ज तहरीर के अनुसार, अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान काजल निषाद, राजा निषाद और अन्य लोग मृतक के घर पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद परिजनों को समझाकर शव को घर से उठवाया गया और करीब दोपहर 12 बजे शाहपुर चौराहे पर रख दिया गया।
पुलिस का कहना है कि इससे चचरी-भौरिगंज मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। तहरीर में एंबुलेंस के आवागमन में परेशानी और सरकारी काम प्रभावित होने का भी उल्लेख है। पुलिस ने मौके के फोटो और वीडियो के आधार पर लोगों की पहचान किए जाने की बात कही है।
संजय निषाद ने भी किया था प्रदर्शन
विनोद साहनी की मौत के बाद मामले ने राजनीतिक रूप ले लिया था। निषाद पार्टी के प्रमुख और मंत्री डॉ. संजय निषाद ने गोंडा कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरना दिया था। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से कार्रवाई की मांग की और कार्यकर्ताओं के साथ मार्च निकाला।
डीएम प्रियंका निरंजन ने धरने के दौरान मंत्री के साथ बैठकर पीड़ित परिवार को मदद और शस्त्र लाइसेंस देने का आश्वासन दिया था। इसके बाद धरना समाप्त किया गया। पुलिस की ओर से दर्ज नया मुकदमा अब सड़क जाम और प्रदर्शन से जुड़ा है।

