तनु वेड्स मनु के फैंस के लिए खुशखबरी, तीसरे पार्ट की तैयारी शुरू, इसी साल शुरू होगी शूटिंग
Tanu Weds Manu : फिल्म फ्रेंचाइजी ‘तनु वेड्स मनु’ के प्रशंसकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। सुपरहिट रही इस फिल्म सीरीज का तीसरा भाग ‘तनु वेड्स मनु : द नेक्स्ट चैप्टर’ अब जल्द ही दर्शकों के बीच आने की तैयारी में है।
इरोज इनोवेशन ने अपनी नई कंटेंट लिस्ट जारी करते हुए इस बहुप्रतीक्षित फिल्म की घोषणा की है। कंपनी के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग इसी साल शुरू होगी और इसे जल्द ही फ्लोर पर लाया जाएगा।
फिल्म का निर्देशन मिताक्षरा कुमार करेंगी, जो इससे पहले ‘हीरामंडी’ और ‘द एम्पायर’ जैसे चर्चित प्रोजेक्ट्स से जुड़ी रही हैं। फिल्म का निर्माण रुद्रक सोमा ज्योति लिमिटेड के सहयोग से किया जाएगा।
‘तनु वेड्स मनु’ फ्रेंचाइजी पहले ही दर्शकों के बीच खास पहचान बना चुकी है और अब इसके नए चैप्टर को लेकर उत्साह बढ़ गया है।

इरोज ब्रह्म्मांड के तहत बनेंगे नौ बड़े प्रोजेक्ट
इरोज इनोवेशन ने अपनी नई कंटेंट रणनीति के तहत ‘इरोज ब्रह्म्मांड’ नामक एक नए सिनेमाई ब्रह्मांड की भी घोषणा की है। यह भारतीय पौराणिक कथाओं और लोककथाओं से प्रेरित होगा।
इसके अंतर्गत नौ ओरिजिनल प्रोजेक्ट्स तैयार किए जाएंगे, जिनमें ‘नंदी – वॉर ऑफ कैलाश’, ‘द्वारका: गेटवे टू द यूनिवर्स’, ‘विमान वॉर्स’, ‘महाभारत 5000 एडी’, ‘यक्षिणी’, ‘ब्रह्मराक्षस’, ‘गरुड़’, ‘कुंभयन्न’ और ‘मनसा देवी’ शामिल हैं।
कंपनी का कहना है कि इन सभी कहानियों को आपस में जोड़कर एक बड़ा और रोचक सिनेमाई संसार तैयार किया जाएगा, जिससे दर्शकों को एक नया अनुभव मिलेगा।
कई लोकप्रिय फिल्मों को मिलेगा नया रूप
इरोज की दूसरी बड़ी पहल ‘इरोज यूनिवर्स’ है, जिसके तहत कई लोकप्रिय फिल्मों की कहानियों को नए अंदाज में पेश किया जाएगा। इस सूची में ‘तनु वेड्स मनु : द नेक्स्ट चैप्टर’ के अलावा ‘फोबिया’, ‘इंग्लिश विंग्लिश’, ‘देसी बॉयज’, ‘रंगीला’ और ‘तेरे नाम’ जैसी चर्चित फिल्में भी शामिल हैं।
वहीं, तीसरी पहल ‘इरोज रीमास्टर्ड’ के तहत रजनीकांत स्टारर फिल्म ‘कोचादाइयां’ को नए रूप में पेश किया जाएगा। भारत की पहली मोशन-कैप्चर फीचर फिल्म मानी जाने वाली इस फिल्म को सौंदर्या रजनीकांत के नेतृत्व में रीस्टोर और रीइमैजिन किया जाएगा।
इरोज इनोवेशन के संस्थापक और चेयरमैन किशोर लुल्ला ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य पौराणिक कथाओं, लोकप्रिय फिल्मों और क्लासिक सिनेमा को एक मंच पर लाकर ऐसी कहानियां पेश करना है जो हर पीढ़ी के दर्शकों को जोड़ सकें।
वहीं, को-फाउंडर और को-प्रेसिडेंट रिधिमा लुल्ला ने इसे कहानी कहने के नए और रचनात्मक तरीकों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

