Kanpur News: वेंटिलेशन से लेकर चेस्ट कंप्रेशन तक, चिकित्सकों को मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण

Sandesh Wahak Digital Desk: नवजात शिशुओं की आपातकालीन देखभाल और पुनर्जीवन (Resuscitation) से जुड़ी क्षमताओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर के बाल रोग विभाग द्वारा एडवांस्ड नियोनेटल रिससिटेशन प्रोटोकॉल (ANRP) प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में प्रशिक्षक (Instructor) के रूप में डॉ. सुरेन्द्र बिष्ट ने प्रशिक्षण का संचालन किया, जबकि सह-प्रशिक्षकों (Co-Instructors) के रूप में डॉ. यशवंत कुमार राव, डॉ. रमेश चौधरी, डॉ. शैलेन्द्र कुमार गौतम और डॉ. ब्रजेन्द्र सिंह ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नवजात शिशुओं में जन्म के समय उत्पन्न होने वाली आपातकालीन स्थितियों के प्रभावी प्रबंधन, वेंटिलेशन तकनीक, छाती दबाव (Chest Compressions), आवश्यक औषधियों के उपयोग तथा टीम-आधारित पुनर्जीवन प्रक्रियाओं का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

सिमुलेशन आधारित अभ्यासों के माध्यम से वास्तविक परिस्थितियों में त्वरित और सटीक निर्णय लेने की क्षमता विकसित की गई।

बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. एस. के. गौतम ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि नवजात मृत्यु दर को कम करने और गुणवत्तापूर्ण नवजात देखभाल सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं।

उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों को बधाई दी तथा भविष्य में भी ऐसे कौशल-विकास कार्यक्रमों के नियमित आयोजन पर जोर दिया।

कार्यक्रम में विभाग के चिकित्सकों, रेजिडेंट्स और स्वास्थ्यकर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और नवजात पुनर्जीवन से जुड़े नवीनतम प्रोटोकॉल व तकनीकों की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

Also Read: Siddharthnagar News: अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ AI पोस्ट पर बवाल, शोहरतगढ़ में सपा का जोरदार प्रदर्शन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.