सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में गूँजा भारतीय सेना का शौर्य, ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर NCC का भव्य कार्यक्रम
Siddharthnagar News: सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु के परिसर में शनिवार को NCC इकाई द्वारा भारतीय सेना के ऐतिहासिक ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ अत्यंत गर्व और उत्साह के साथ मनाई गई। इस कार्यक्रम के माध्यम से न केवल सेना के शौर्य को नमन किया गया, बल्कि राष्ट्र निर्माण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।

सेना के पराक्रम को मिली सलामी
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कला संकाय के पूर्व अधिष्ठाता प्रो. हरीश शर्मा ने भारत सरकार और सेना को इस सफल अभियान की बधाई दी। उन्होंने आतंकी हमलों में जान गंवाने वाले नागरिकों और उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. सत्येंद्र दुबे और भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. विशाल गुप्ता ने भी इस अभियान को सेना की तत्परता और अदम्य साहस का प्रतीक बताया, जिसमें आतंकियों के ठिकानों को सफलतापूर्वक नेस्तनाबूद किया गया था।
NCC अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. प्रज्ञेश नाथ त्रिपाठी ने ऑपरेशन सिंदूर की पृष्ठभूमि और सेना की रणनीतिक जीत पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान कैडेट्स को सेना के शौर्य पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री मूवी भी दिखाई गई, जिसे देखकर छात्र जोश से भर उठे।

टीबी मुक्त भारत का संकल्प
इसी कार्यक्रम के दौरान सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए जिला अस्पताल के पीपीएम समन्वयक सतीश मिश्रा ने 100 दिवसीय सघन टीबी मुक्त भारत अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कैडेट्स को टीबी के लक्षणों (जैसे 2 हफ्ते से अधिक खांसी, वजन कम होना, हल्का बुखार) के बारे में बताया और अपील की कि वे समाज में ऐसे लक्षण वाले लोगों को जांच के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के अंत में सीनियर अंडर ऑफिसर कमलेश ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर रजनीश, कुशल, खुशी, दिव्या सहित भारी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: नशीला पदार्थ खिलाकर छात्रा से दुष्कर्म, छात्र नेता समेत 4 पर केस दर्ज

