नशीला पदार्थ खिलाकर छात्रा से दुष्कर्म, छात्र नेता समेत 4 पर केस दर्ज

Padrauna News: उत्तर प्रदेश के पडरौना शहर में बीएससी की एक छात्रा के साथ नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि छात्र नेता धवन जायसवाल ने उसे बहला-फुसलाकर एक लॉज में ले जाकर बेहोशी की हालत में उसके साथ हैवानियत की। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुख्य आरोपी और उसके परिजनों समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छात्रा के अनुसार, आरोपी ने पेय पदार्थ में नशीली वस्तु मिला दी थी। जब उसे होश आया तो उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे और चोट के निशान मौजूद थे। विरोध करने पर आरोपी ने अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी और ब्लैकमेल कर कई बार अलग-अलग जगहों (पडरौना और गोरखपुर) ले जाकर दुष्कर्म किया।

समझौते और शादी के नाम पर मिला धोखा

घटना की शिकायत जब पुलिस तक पहुँची, तो कोतवाली में आरोपी ने छात्रा से शादी करने का आश्वासन दिया। कागजी कार्रवाई के तौर पर एडीएम कार्यालय में कोर्ट मैरिज की प्रक्रिया भी शुरू की गई। लेकिन आरोप है कि जब छात्रा आरोपी के घर पहुँची, तो उसके माता-पिता और भाई ने उसे घर में घुसने नहीं दिया और गाली-गलौज कर भगा दिया। अंततः पीड़िता ने महिला हेल्पलाइन 1090 पर कॉल कर मदद मांगी, जिसके बाद पुलिस ने सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू की है।

Also Read: होर्मुज जलडमरूमध्य में गोलीबारी का शिकार हुआ भारतीय जहाज, गुजरात के नाविक की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.