प्रतीक यादव के निधन पर जिम पार्टनर का बड़ा दावा, बेडरूम में गिरने से सिर पर लगी थी चोट
Lucknow News: मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन के मामले में नई जानकारियां सामने आ रही हैं। प्रतीक के जिम पार्टनर स्वप्नेश पांडेय ने दावा किया है कि मंगलवार की देर रात प्रतीक अपने बेडरूम में गिर गए थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। स्वप्नेश के अनुसार, प्रतीक का लंबे समय से उपचार चल रहा था और रात करीब 11-12 बजे वे सिविल अस्पताल भी गए थे, लेकिन घर लौटने के बाद उनकी स्थिति और बिगड़ गई।
वहीं, प्रतीक यादव की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव के भाई मुकेश सिंह ने इस घटना को परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। उन्होंने कहा कि जिस वक्त यह दुखद हादसा हुआ, अपर्णा यादव शहर से बाहर थीं। मुकेश सिंह ने बताया कि उन्हें इस अनहोनी की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए मिली, तब तक प्रतीक का निधन हो चुका था।
शाम तक अंतिम संस्कार की संभावना
मुकेश सिंह ने जानकारी दी कि प्रतीक यादव थोड़े बीमार थे और घर के लोग उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे थे। मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पार्थिव शरीर का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल, पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया है, जिसे अंतिम दर्शन के लिए आवास ले जाया जा रहा है।

