UP में जमीन बंटवारे का झंझट खत्म! अब घर बैठे ऑनलाइन होगा आवेदन, 3 नए पोर्टल लॉन्च
UP Land Division Portal: उत्तर प्रदेश में जमीन से जुड़े कामों के लिए तहसील और राजस्व कार्यालयों के चक्कर लगाने की परेशानी जल्द कम होने वाली है। योगी सरकार ने राजस्व सेवाओं को डिजिटल बनाने की दिशा में तीन नए पोर्टल शुरू किए हैं। इनके जरिए जमीन के बंटवारे, EWS प्रमाण पत्र और सरलीकृत खतौनी से जुड़ी प्रक्रियाएं ऑनलाइन की जाएंगी।
राजस्व परिषद ने शुक्रवार को धारा 116 पोर्टल (Section 116 Portal), EWS पोर्टल और सरलीकृत खतौनी (Simplified Khatauni) का शुभारंभ किया। नई व्यवस्था का मकसद आवेदन से लेकर निस्तारण तक की प्रक्रिया को डिजिटल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है।
जमीन बंटवारे के लिए ऑनलाइन दाखिल होगा वाद
उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 116 के तहत सह-खातेदार अपनी जमीन के विभाजन के लिए वाद दाखिल कर सकते हैं। अब इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा मिलेगी। आवेदन के बाद नोटिस और उद्घोषणा की प्रक्रिया भी डिजिटल माध्यम से होगी।
लेखपाल की रिपोर्ट भी पोर्टल पर उपलब्ध होगी। सिस्टम में GIS Technology जोड़ी गई है, जिससे जमीन की वास्तविक भौगोलिक स्थिति को डिजिटल मैप पर देखा जा सकेगा। खतौनी, संबंधित अभिलेख और भूमि के नक्शे को भी प्रक्रिया से जोड़ा जाएगा।
इससे जमीन के बंटवारे से जुड़े मामलों में कागजी कार्रवाई कम होने के साथ ही प्रकरण की स्थिति और प्रगति पर नजर रखना आसान होगा।
EWS प्रमाण पत्र से लेकर खतौनी तक ऑनलाइन सुविधा
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग यानी EWS Certificate के लिए भी अब ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। आवेदन के बाद लेखपाल और तहसीलदार अपनी रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से भेज सकेंगे। आवेदक यह भी देख सकेगा कि उसका आवेदन किस स्तर पर है और उसकी प्रगति क्या है।
नई सरलीकृत खतौनी में भूमि का क्षेत्रफल छह दशमलव स्थानों तक दिखाया जाएगा। इससे खासकर छोटे भूखंडों में जमीन के क्षेत्रफल की जानकारी अधिक सटीक तरीके से मिल सकेगी।
राजस्व परिषद की अध्यक्ष अर्चना अग्रवाल के मुताबिक, इन तीनों डिजिटल प्लेटफॉर्म से लोगों को अनावश्यक भागदौड़ और कागजी प्रक्रिया से राहत मिलेगी। जमीन के बंटवारे के अलावा नामांतरण, दाखिल-खारिज, पैमाइश और दूसरे राजस्व मामलों में भी आवेदन से निस्तारण तक की प्रक्रिया को ट्रैक करने की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों की जवाबदेही और समयबद्ध निस्तारण पर भी जोर दिया गया है।
Also Read: आगरा में घोड़े का इंजेक्शन लगाकर दौड़े दो युवक, रेस खत्म होते ही मैदान में गिरे

