लखनऊ में पायल चोरी के शक में दोस्त की हत्या, पिता-पुत्र ने सरिया डालकर फाड़ दिया युवक का पेट
Lucknow Murder: लखनऊ के मड़ियांव क्षेत्र में पायल चोरी के आरोप ने दो दोस्तों के बीच चल रही दोस्ती को खूनी दुश्मनी में बदल दिया। फैजुल्लागंज की मामा कॉलोनी में शनिवार देर रात 26 वर्षीय ऑटो चालक शुभम सोनी पर उसके पड़ोसी दोस्त सुमित और उसके पिता मथुरा ने हमला कर दिया। आरोप है कि पहले दोनों ने शुभम को पीटा और चाकू से वार किए। इसके बाद उसके पेट में सरिया घुसा दी।
गंभीर रूप से घायल शुभम को परिजन ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों ने आरोपी पिता-पुत्र को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मड़ियांव पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
पायल चोरी के आरोप से शुरू हुआ विवाद
शुभम के भाई शिवम सोनी के मुताबिक, शुभम और सुमित के बीच काफी अच्छी दोस्ती थी। दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था और कई बार दोनों एक-दूसरे के घर रुकते भी थे। करीब एक सप्ताह पहले सुमित ने शुभम पर अपनी मां की पायल चोरी करने का आरोप लगाया था।
सुमित की ओर से पुलिस चौकी में शिकायत भी दी गई थी। पुलिस ने मामले की जांच की, लेकिन चोरी की पुष्टि नहीं हुई और शुभम को छोड़ दिया गया। इसके बाद से ही दोनों पक्षों के बीच रंजिश बढ़ गई थी।
तीन घंटे पहले भी हुई थी शुभम से मारपीट
पुलिस की जांच में सामने आया कि हत्या से करीब तीन घंटे पहले भी शुभम के साथ मारपीट की गई थी। आरोप है कि सुमित, उसके पिता मथुरा और एक ट्रैक्टर चालक ने शुभम को घेरकर पीटा था। किसी तरह वहां से निकलकर शुभम घर पहुंचा।
इसके बाद उसने अपने एक साथी को फोन कर घटना की जानकारी दी और हमलावरों से बदला लेने के लिए साथ चलने को कहा। साथी ने उस समय चारबाग में होने की बात कहते हुए आने से इनकार कर दिया। पुलिस को शुभम के मोबाइल से इस बातचीत की रिकॉर्डिंग भी मिली है।
इसके कुछ देर बाद शुभम अकेले घर से बाहर निकला। इसी दौरान सुमित और मथुरा उसे मोहल्ले में मिल गए। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। चाकू से वार करने के बाद सरिया से हमला किया गया, जिससे शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया।
CCTV में कैद हुई वारदात
पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरे में भी कैद हुई है। फुटेज में शुभम को घर से बाहर निकलते हुए देखा गया। इसके कुछ देर बाद आरोपी पिता-पुत्र उसे रोकते और उसके साथ मारपीट करते नजर आए।
पुलिस ने CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा के मुताबिक, शिवम की तहरीर पर सुमित और मथुरा के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल हत्या में किसी तीसरे व्यक्ति की भूमिका स्पष्ट नहीं हुई है। यदि जांच में किसी अन्य आरोपी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
Also Read: लखनऊ में 17 साल की लड़की की हत्या, घर में मिला शव, पास में गंभीर हालत में मिला युवक

