लखनऊ में 17 साल की लड़की की हत्या, घर में मिला शव, पास में गंभीर हालत में मिला युवक
Lucknow News: लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय लड़की की हत्या का मामला सामने आया है। उसका शव घर की पहली मंजिल पर मिला, जबकि पास में एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गले पर मिले चोट के निशान
यह घटना पारा के नरपतखेड़ा इलाके की है। डीसीपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि पुलिस को एक किशोरी की हत्या की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर 17 वर्षीय लड़की मृत मिली, जिसके गले पर चोट के निशान थे। वहीं पास में देवांश पाठक गंभीर हालत में मिला। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने ही लड़की की हत्या की है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घर में कोई नहीं था, लौटी युवती ने दी सूचना
पुलिस के अनुसार घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। वारदात पहली मंजिल पर हुई। घर की दूसरी लड़की जब क्लास से लौटकर आई तो उसने दोनों को उस हालत में देखा। इसके बाद उसने पहले परिजनों को सूचना दी और फिर पुलिस को जानकारी दी गई।
डीसीपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि मामले में तहरीर लेकर जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के पीछे की वजह और दोनों के संबंधों सहित सभी बिंदुओं की जांच कर रही है।
Also Read: 15 साल की बच्ची से जबरन मंगवाई गई माफी, राहुल गांधी का सरकार पर बड़ा हमला

