लखनऊ में दरोगा ने BJP बूथ अध्यक्ष का सिर फोड़ा, घर में घुसकर भाई-पत्नी से भी मारपीट का दावा

Lucknow News: लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र के खसरवारा गांव में पुलिस कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा बूथ अध्यक्ष अरविंद रावत (Arvind Rawat) ने दरोगा सचिन यादव (Sachin Yadav) और पुलिस टीम पर घर में घुसकर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका दावा है कि दरोगा ने पिस्टल की बट से उनके सिर पर हमला किया, जबकि उन्हें बचाने आए भाई के साथ भी लाठियों से मारपीट की गई।

अरविंद की पत्नी के साथ भी मारपीट का आरोप लगाया गया है। घटना बुधवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। मामले में गुरुवार दोपहर अरविंद रावत ने एसीपी (ACP) से शिकायत की है। इसी बीच पुलिस टीम के घर पहुंचने और वहां मौजूद लोगों के साथ कथित मारपीट के वीडियो भी सामने आए हैं।

दुकान लगाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को गांव के ही साहिल, सारजन और राहुल से दुकान लगाने को लेकर अरविंद रावत का विवाद हुआ था। शाम करीब 8:30 बजे दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई। इसके बाद अरविंद बंथरा थाने पहुंचे और दूसरे पक्ष पर गाली-गलौज, मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी।

Police ने जांच का भरोसा देकर उन्हें घर भेज दिया। कुछ देर बाद दूसरे पक्ष ने भी पुलिस से शिकायत कर अरविंद और उनके पक्ष के लोगों पर आरोप लगाए। दोनों पक्षों की शिकायत के बाद पुलिस टीम जांच के लिए खसरवारा पहुंची।

रात 11 बजे घर पहुंची पुलिस टीम

अरविंद रावत का आरोप है कि रात करीब 11 बजे पुलिस टीम उनके घर पहुंची। उस समय परिवार के लोग सो रहे थे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें जगाकर पूछताछ शुरू की और फिर मारपीट की।

अरविंद के मुताबिक, इसी दौरान दरोगा सचिन यादव ने पिस्टल की बट से उनके सिर पर वार किया। भाई ने बीच-बचाव किया तो पुलिसकर्मियों ने उसके साथ लाठियों से मारपीट की। वहीं अरविंद की पत्नी को भी लात मारने का आरोप है, जिससे वह गिर गईं।

घटना से जुड़े कुछ वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, वीडियो और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर घटना का पूरा संदर्भ और पुलिसकर्मियों की भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

Also Read: ‘पैसे नहीं हैं तो बेटी भेजो’, सरकारी मदद के बदले लेखपाल ने गरीब परिवार से की डिमांड, SDM ने भी की अभद्रता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.