नारियल में पानी कम निकला तो लखनऊ में चले लाठी-पट्टे! ग्राहक-विक्रेता भिड़े, 7 हिरासत में, 4 की तलाश

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नारियल पानी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद मारपीट तक पहुंच गया। विभूतिखंड इलाके में नारियल में पानी कम निकलने की शिकायत पर ग्राहक और विक्रेताओं के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग भिड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक विक्रेता ने लकड़ी के पटरे से भी पिटाई की। मामले में पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि चार फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

नारियल में पानी कम होने पर शुरू हुआ विवाद

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कुछ ग्राहक नारियल खरीदने पहुंचे थे। नारियल में पानी कम निकलने की शिकायत को लेकर उनकी विक्रेताओं से बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ा तो दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट होने लगी। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि विवाद के दौरान एक नारियल विक्रेता ने लकड़ी का पटरा निकालकर लोगों को पीटना शुरू कर दिया। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

7 लोग हिरासत में, 4 की तलाश जारी

डीसीपी ईस्ट दीक्षा शर्मा ने बताया कि घटना में शामिल सात लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि चार आरोपी अभी फरार हैं। उनके मुताबिक, विवाद में नारियल बेचने वाले और खरीदने आए ग्राहक शामिल थे। नारियल में पानी कम निकलने की शिकायत से शुरू हुआ मामला बाद में मारपीट में बदल गया।

पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। जांच के जरिए विवाद की पूरी वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: ‘SIR पर ज्ञानेश कुमार ने सर्वसम्मति से लिए फैसले’, चुनाव आयोग का सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.