मुजफ्फरनगर और हाथरस में पुलिस मुठभेड़, 2 इनामी-हिस्ट्रीशीटर समेत 8 गिरफ्तार

Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के तितावी थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के पुलिस और तार चोर गिरोह के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। मुखबिर की सटीक सूचना पर जब पुलिस टीम ने संदिग्ध बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शाहनवाज नाम का एक शातिर बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं घेराबंदी कर मौके से तीन अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

10 कुंतल चोरी का तार और हथियार बरामद

पकड़े गए अन्य अभियुक्तों की पहचान जुनैद उर्फ शाहरुख, ताहिर और आसिफ के रूप में हुई है। इनमें से तीन आरोपी छपार (मुजफ्फरनगर) के रहने वाले हैं, जबकि आसिफ दिल्ली का निवासी है। पुलिस को तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 10 कुंतल से अधिक चोरी का तार, तार ले जाने में इस्तेमाल की जा रही मैजिक गाड़ी, दो मोटरसाइकिलें, दो अवैध तमंचे, कारतूस और दो चाकू बरामद हुए हैं। पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह चोरी के तार को बेचने के लिए दिल्ली ले जाने की योजना बना रहा था।

हाथरस में हवाई फायरिंग करने वाले बदमाशों पर शिकंजा

मुजफ्फरनगर के अलावा हाथरस जिले में भी पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। हाथरस जंक्शन के नगला इमलिया क्षेत्र में 14-15 सितंबर की रात एक घर पर पहुंचकर रंगदारी व गाली-गलौज करने के बाद हवाई फायरिंग कर फरार हुए अरविंद और उसके साथियों को पुलिस ने घेर लिया। देर रात हुई इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस की आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में मुख्य आरोपी अरविंद के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके तीन साथियों को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया।

एसओजी और पुलिस टीम को मिली बड़ी सफलता

हाथरस मुठभेड़ में पकड़े गए अन्य आरोपियों की पहचान उमेश मीना, दिनेश उर्फ दिन्ना और संजय के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से चार अवैध तमंचे, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। दोनों जिलों की पुलिस अब इन गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

Also Read: 4 लाख की घूस लेते RDSO के दो अफसर गिरफ्तार, लखनऊ समेत कई ठिकानों पर CBI के छापे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.