Balrampur News: मदरसा के नाम पर अवैध स्कूल का भंडाफोड़, अधिकारियों की फाइलों तक सिमटी कार्रवाई
Balrampur News: शिक्षा विभाग के नियमों को ताक पर रखकर विकासखंड श्रीदत्तगंज क्षेत्र के ग्राम निरंजनपुर बंगालीडीह में शटर वाली दुकानों के भीतर अवैध विद्यालय का संचालन खुलेआम जारी है। बिना खिड़की, बिना वेंटिलेशन और बुनियादी सुविधाओं से महरूम तीन दुकानों तथा टीन शेड में बच्चों को बैठाकर पढ़ाया जा रहा है। जांच में फर्जीवाड़ा साबित होने और बंद करने की संस्तुति मिलने के बावजूद महीनों बाद भी धरातल पर इस संस्थान पर ताला नहीं लग सका है।

ग्रामीण विनोद कुमार ने जिला प्रशासन, बेसिक शिक्षा विभाग और मदरसा बोर्ड को दी लिखित शिकायत में बताया कि वह वर्ष 2024 से लगातार इस अवैध संचालन के खिलाफ शिकायत कर रहे हैं। उनके अनुसार निरंजनपुर में मदरसा अहले सुन्नत मदीनतुल उलूम फैजाने मसूदिया की आड़ में फर्जी स्कूल चल रहा है, जहां बच्चों का दोहरी जगह नाम दर्ज कर उनके भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। वहीं कक्षा आठ के छात्र अरुण वर्मा ने बताया कि वह यूनिक पब्लिक स्कूल में पढ़ता है, जिसका संचालन राजकिशोर वर्मा कर रहा है।

पूर्व में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी यशवंत मौर्य द्वारा की गई स्थलीय जांच में मौके पर मान्यता का कोई अभिलेख नहीं मिला। जांच में पाया गया कि परिसर में शुद्ध पेयजल और शौचालय तक की व्यवस्था नहीं है तथा मदरसा बोर्ड की गाइडलाइन का खुला उल्लंघन किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट में संस्थान को तत्काल बंद करने की संस्तुति दी गई थी, लेकिन आदेश फाइलों में ही कैद रहा। मामले पर बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि प्रकरण संज्ञान में आया है, बीईओ से जांच कराई जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर संचालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- योगेंद्र त्रिपाठी

