नेतन्याहू ने पाकिस्तान को दी सीधी चेतावनी, बोले- इजरायल के विनाश की बात बर्दाश्त नहीं
Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान और अमेरिका के बीच हुए युद्धविराम (Ceasefire) की खुशियाँ अभी ठीक से मनाई भी नहीं गई थीं कि इजरायल ने लेबनान में हिज्बुल्लाह पर अब तक का सबसे भीषण हमला बोल दिया। इस हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव चरम पर पहुँच गया है, विशेषकर पाकिस्तान और इजरायल के बीच कड़वाहट बढ़ गई है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री की टिप्पणी पर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सख्त नाराजगी जताई है।
पाकिस्तान की टिप्पणी पर भड़के नेतन्याहू
पाकिस्तान के विदेश मंत्री ख्वाजा आसिफ ने सोशल मीडिया पर इजरायल को इंसानियत के लिए श्राप बताया और लेबनान में हो रहे हमलों को नरसंहार करार दिया। उनकी इस टिप्पणी पर पलटवार करते हुए पीएम नेतन्याहू ने एक्स (X) पर लिखा, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री द्वारा इजरायल को खत्म करने का आह्वान बेहद शर्मनाक है। किसी भी सरकार से इस तरह के बयान बर्दाश्त नहीं किए जा सकते, खासकर उस देश से जो शांति वार्ता में निष्पक्ष मध्यस्थ होने का दावा करता है।
पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने अपने पोस्ट में बेहद कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया था। उन्होंने कहा कि एक तरफ इस्लामाबाद में शांति वार्ता चल रही है और दूसरी तरफ इजरायल बेगुनाह नागरिकों का खून बहा रहा है। उन्होंने इजरायल की तुलना कैंसर से करते हुए विवादित बयान दिया, जिसके बाद राजनयिक स्तर पर विवाद खड़ा हो गया।
लेबनान के साथ खड़ा पाकिस्तान: पीएम शहबाज शरीफ
एक तरफ विदेश मंत्री के बयान पर विवाद है, तो दूसरी तरफ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम से फोन पर बात कर अपना समर्थन जताया। पीएम शहबाज ने लेबनान में हजारों लोगों की जान जाने पर गहरा दुख जताया। उन्होंने दोहराया कि पाकिस्तान ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत के जरिए शांति स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने दुनिया से अपील की है कि वे अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन करने वाले इजरायली हमलों को रोकने के लिए तुरंत कदम उठाएं।
एक दिन में 300 से ज्यादा मौतें
बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर की खबरों के कुछ ही घंटों बाद इजरायल ने लेबनान पर हमला कर दिया। इस हमले में अब तक 300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 1,100 से अधिक लोग घायल हैं। इस घटना ने शांति की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है।
Also Read: बंगाल चुनाव में बड़ा उलटफेर, ओवैसी की पार्टी AIMIM ने हुमायूं कबीर से तोड़ा नाता, अब अकेले लड़ेगी चुनाव

