JPSC Protest: आज छात्रों का विधानसभा मार्च, रांची छावनी में तब्दील, धारा 163 लागू
Jharkhand Students Protest: झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और अनियमितताओं के खिलाफ पिछले 16 दिनों से जारी छात्र आंदोलन आज विधानसभा मार्च (Student Assembly March) के साथ बड़े मोड़ पर पहुंच सकता है। छात्रों के प्रस्तावित विधानसभा घेराव को देखते हुए रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शहर के प्रमुख रास्तों और चौराहों पर बैरिकेडिंग की गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रशासन ने विधानसभा भवन के 750 मीटर के दायरे में 6 अगस्त से 12 अगस्त तक सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक निषेधाज्ञा लागू की है। जमशेदपुर में भी रविवार मध्य रात्रि से निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने और आंदोलन में असामाजिक तत्वों को शामिल नहीं होने देने की अपील की है।
CBI जांच पर अड़े छात्र
छात्र संगठन ‘JPSC/JSSC सुधार मंच’ के बैनर तले पिछले करीब दो सप्ताह से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन चल रहा है। छात्रों की मुख्य मांग 14वीं JPSC और JSSC-CGL परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की CBI जांच है। आंदोलन (Jharkhand Students Protest) में छह छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर भी बैठे हैं और इनमें कुछ की तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई है।
छात्रों का आरोप है कि राज्य के अलग-अलग जिलों से रांची आ रहे अभ्यर्थियों को पुलिस रास्ते में रोक रही है। उनका दावा है कि कुछ छात्रों को बसों और ट्रेनों से उतारकर वापस भेजने की कोशिश की गई।
JPSC के तीन सदस्यों का इस्तीफा भी मंजूर
विधानसभा मार्च से ठीक पहले JPSC से जुड़ा एक बड़ा घटनाक्रम भी सामने आया। आयोग के तीन सदस्य अजिता भट्टाचार्य, अनिमा हांसदा और जमाल अहमद ने अपने पदों से इस्तीफा दिया, जिसे राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने स्वीकार कर लिया। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब छात्र लगातार भर्ती परीक्षाओं की प्रक्रिया और कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार पर दबाव बना रहे हैं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच बातचीत भी हुई। सरकार की ओर से 14वीं JPSC परीक्षा रद्द करने, मामले की CID जांच कराने और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े पहलुओं की ED जांच कराने का प्रस्ताव दिया गया है। हालांकि, छात्र CBI जांच की अपनी मांग से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।
पुलिस का दावा- 19 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच में अब तक 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसियों ने बड़ी मात्रा में डिजिटल साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ रही है और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।
वहीं, भाजपा ने भी आंदोलन को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा के प्रदेश महासचिव अमर बाउरी ने आरोप लगाया कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को पुलिस ने उनके आवास पर नजरबंद किया है, ताकि वे छात्रों के समर्थन में न जा सकें।
Also Read: झारखंड छात्र आंदोलन के बीच बड़ा एक्शन, JPSC में तीन सदस्यों का इस्तीफा राज्यपाल ने किया मंजूर

