अतीक के बेटे उमर के काफिले पर FIR, टोल पर हंगामा, 25-30 गाड़ियां बिना टोल दिए निकलीं
Prayagraj: प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद (Atiq Ahmed) के बेटे उमर अहमद (Umar Ahmed) को लखनऊ जेल से पारिवारिक जनाजे में शामिल होने के लिए पुलिस सुरक्षा में लाया जा रहा था। इसी दौरान नवाबगंज टोल प्लाजा (Nawabganj Toll Plaza) पर उसके काफिले को लेकर हंगामा हो गया। टोल प्रबंधन ने काफिले में शामिल 25-30 निजी वाहनों के बिना टोल दिए बैरियर पार करने और कर्मचारियों से अभद्रता व धमकी देने का आरोप लगाया है।
मामले में टोल प्लाजा प्रबंधन की शिकायत पर नवाबगंज थाने में FIR दर्ज की गई है। शिकायत में कई वाहनों के नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। अब पुलिस CCTV फुटेज और वाहनों के नंबरों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
टोल बैरियर तोड़कर निकलने का आरोप
टोल प्रबंधन के मुताबिक, 8 अगस्त की रात करीब 3:50 बजे उमर अहमद को पुलिस अभिरक्षा में लखनऊ से प्रयागराज ले जाया जा रहा था। सरकारी वाहन निकलने के बाद उसके पीछे बड़ी संख्या में निजी गाड़ियां टोल प्लाजा के बूथ नंबर-3 पर पहुंचीं।
आरोप है कि काफिले में शामिल करीब 25 से 30 वाहनों ने टोल शुल्क दिए बिना बैरियर पार किया। कर्मचारियों ने वाहनों को रोकने की कोशिश की तो कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज और धमकी दी गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ वाहन तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से आगे बढ़े, जिससे टोल बैरियर को नुकसान पहुंचा।
टोल प्रबंधन ने आरोप लगाया है कि इस पूरे घटनाक्रम में टोल राजस्व का भी नुकसान हुआ। पुलिस को दी गई शिकायत में कई वाहनों के नंबर दर्ज कराए गए हैं।
CCTV फुटेज से होगी पहचान
पुलिस अब टोल प्लाजा पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शिकायत में दिए गए वाहन नंबरों के जरिए काफिले में शामिल वाहनों और उनके चालकों की पहचान की जाएगी।
टोल प्रबंधन ने बिना शुल्क दिए निकलने के अलावा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, कर्मचारियों से अभद्रता और धमकी देने जैसे आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Prayagraj News: UP STF ने फाफामऊ से 1 लाख के इनामी गैंगस्टर को किया गिरफ्तार

