अखिलेश के बंगाल दौरे पर केशव मौर्य का तंज, बोले- 2047 तक सपा की सत्ता में वापसी मुमकिन नहीं

Lucknow News: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के पश्चिम बंगाल दौरे और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ उनकी मुलाकात ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में जुबानी जंग तेज कर दी है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस मुलाकात को सियासी तनाव का नतीजा बताया है। मौर्य ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा जो गुब्बारे की तरह फूली थी, उसकी हवा निकलनी शुरू हो चुकी है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के हालिया घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि ममता बनर्जी की हार के बाद अखिलेश का वहां जाना उनकी हताशा को दर्शाता है। डिप्टी सीएम ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी 2027 तो क्या, 2047 तक भी सत्ता में वापसी नहीं कर पाएगी।

जातिगत जनगणना में हो रही देरी पर विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने स्पष्ट किया कि कोरोना संकट के कारण इस प्रक्रिया में विलंब हुआ था। उन्होंने जानकारी दी कि आगामी जनगणना में जाति का कॉलम भी शामिल है, जिसका लोग लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। उन्होंने सपा प्रमुख को नसीहत दी कि सभी आवश्यक जानकारी जनगणना आयोग को उपलब्ध कराई जाएगी और लोगों को इस कार्यक्रम को सफल बनाना चाहिए।

वहीं, सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने भी अखिलेश यादव पर तंज कसने में कोई कसर नहीं छोड़ी। चुनावी एजेंसी आइपैक (I-PAC) से सपा का करार टूटने पर राजभर ने कहा कि अब कोई भी कंपनी सपा को जीत नहीं दिला सकती। उन्होंने सपा के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे की नई परिभाषा गढ़ते हुए इसे पार्टी ऑफ डिंपल एंड अखिलेश करार दिया।

Also Read: MS धोनी बने बिहार-झारखंड के सबसे बड़े व्यक्तिगत टैक्सपेयर, आयकर विभाग का खुलासा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.