लखनऊ में गर्लफ्रेंड से वीडियो कॉल पर युवक ने दी जान, कोल्डड्रिंक में जहर मिलाकर पीया, फिर मारी गोली

Lucknow News: लखनऊ के बिजनौर इलाके में शुक्रवार दोपहर एक युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। रायसिंह खेड़ा निवासी करन यादव (25) बाइक से जंगल पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक, उसने पहले कोल्डड्रिंक में जहर मिलाकर पिया और फिर कनपटी पर पिस्टल से गोली मार ली। घटना के समय वह एक युवती से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था।

सड़क से 100 मीटर अंदर मिला युवक

करन सुबह करीब 9 बजे ड्यूटी जाने की बात कहकर बाइक से घर से निकला था। वह वृंदावन कॉलोनी में एक व्यक्ति की प्राइवेट कार चलाता था। दोपहर करीब 1 बजे जालिम खेड़ा गांव के पास जंगल से गुजर रहे राहगीरों ने उसे अचेत हालत में देखा। उसकी बाइक सड़क किनारे खड़ी थी, जबकि करन करीब 100 मीटर अंदर पड़ा था।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उसकी बायीं कनपटी पर गोली का निशान था और मुंह से झाग निकल रहा था।

मौके से पिस्टल और कई सामान मिले

पुलिस को घटनास्थल से एक पिस्टल, खाली कोल्डड्रिंक और पानी की बोतल, डिस्पोजल गिलास और दवा की दो खुली छोटी शीशियां मिलीं। पुलिस के अनुसार पिस्टल अवैध थी।

जांच में करन के एक युवती से प्रेम संबंध की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि वीडियो कॉल के दौरान उसने जहर निगला और फिर गोली मारकर जान दे दी। परिवार में उसकी मां केशाना और दो बड़े भाई रंजीत व सोनू हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Also Read: इमरान प्रतापगढ़ी ने यूपी कांग्रेस की 100 सदस्यीय एडवाइजरी काउंसिल का किया ऐलान 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.