लखनऊ में नकली अंग्रेजी शराब का बड़ा भंडाफोड़, बिहार सप्लाई करने वाला तस्कर गिरफ्तार
Lucknow News: लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस, आबकारी विभाग और दक्षिणी जोन की सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई में अवैध शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1,346 क्वार्टर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शराब को फर्जी QR कोड, नकली ब्रांड लेबल और ढक्कन लगाकर असली के रूप में तैयार किया जाता था और शराबबंदी वाले बिहार समेत अन्य राज्यों में सप्लाई की जाती थी।

मुखबिर की सूचना पर हुई छापेमारी
पुलिस के मुताबिक, 6 अगस्त को पीजीआई थाना क्षेत्र के सेक्टर-10सी, वृंदावन योजना स्थित एक किराये के मकान में छापा मारा गया। वहां से अनिल वर्मा (36) निवासी आजाद नगर, कृष्णानगर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथी विमल यादव, निवासी आजमगढ़, के साथ मिलकर लंबे समय से नकली शराब तैयार कर रहा था। विमल अपनी गाड़ी से इस शराब की विभिन्न राज्यों में सप्लाई करता था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस ने मौके से 612 क्वार्टर 8 PM प्रीमियम ब्लैक सुपीरियर व्हिस्की और 734 क्वार्टर आफ्टर डार्क ब्लू रेयर ग्रेन व्हिस्की सहित कुल 1,346 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की। आरोपी के खिलाफ पीजीआई थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि अनिल वर्मा पहले भी आबकारी और धोखाधड़ी से जुड़े कई मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
Also Read: राहुल गांधी का प्रयागराज दौरा तय, 8 अगस्त को छात्रों से करेंगे संवाद, अजय राय बोले- मिली अनुमति

