राहुल गांधी का प्रयागराज दौरा तय, 8 अगस्त को छात्रों से करेंगे संवाद, अजय राय बोले- मिली अनुमति

Rahul Gandhi: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने घोषणा की है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 8 अगस्त को प्रयागराज में छात्रों से संवाद करेंगे। उन्होंने बताया कि शाम 5 बजे केपी कॉलेज मैदान में कार्यक्रम आयोजित होगा। प्रेस वार्ता के दौरान अजय राय ने राहुल गांधी का कार्यक्रम भी साझा किया। उनके अनुसार राहुल गांधी सुबह 3:15 बजे प्रयागराज पहुंचेंगे, आनंद भवन में ठहरेंगे और शाम 6 बजे से 8:30 बजे तक छात्रों के साथ संवाद करेंगे।

अजय राय बोले- अनुमति मिली, सभी कागजी प्रक्रिया पूरी

कार्यक्रम की अनुमति को लेकर उठे सवालों पर अजय राय ने कहा कि कांग्रेस के पास कार्यक्रम की वैध अनुमति है। उन्होंने दावा किया कि 30 जुलाई की अनुमति रसीद उनके पास मौजूद है और सभी आवश्यक कागजी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं और कार्यक्रम तय समय पर आयोजित किया जाएगा। अजय राय ने भरोसा जताया कि प्रशासन का पूरा सहयोग मिलेगा।

पहले ट्रस्ट ने रद्द की थी अनुमति

दरअसल, केपी कॉलेज मैदान में प्रस्तावित इस कार्यक्रम की अनुमति केपी ट्रस्ट ने बुधवार को निरस्त कर दी थी। ट्रस्ट ने इसके पीछे इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश और कॉलेज की शैक्षणिक गतिविधियों का हवाला दिया था। इसके बाद कांग्रेस की विधि टीम सक्रिय हुई और अजय राय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस लाइन पहुंचकर एडीसीपी अजय शर्मा से मुलाकात की।

अजय राय ने आरोप लगाया था कि सरकार के दबाव में अनुमति वापस ली गई। उनका कहना है कि संबंधित भूमि ट्रस्ट की है, कॉलेज की नहीं, और यहां पहले भी विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि यदि किसी कारणवश मैदान नहीं मिला, तब भी राहुल गांधी प्रयागराज पहुंचकर छात्रों से संवाद जरूर करेंगे।

Also Read: दुष्कर्म के दोषी आसाराम को सुप्रीम कोर्ट से झटका, नहीं मिली अंतरिम जमानत, केयरटेकर रखने की दी मंजूरी 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.