Lucknow News: गुडम्बा फायरिंग कांड का ‘वॉन्टेड’ यासीन गाजी गिरफ्तार, कई संगीन मुकदमों में रहा है नाम
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के गुडम्बा थाना क्षेत्र में पिछले साल हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना में फरार चल रहे मुख्य आरोपी यासीन गाजी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए लुका-छिपी का खेल खेल रहा था, जिसके बाद कोर्ट ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया था।
विवेकानंदपुरम में हुआ था खूनी संघर्ष
घटना 16 सितंबर 2025 की है, जब गुडम्बा के विवेकानंदपुरम में दो पक्षों के बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से असलहे निकल आए और ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। इस गैंगवार जैसी घटना में पहले पक्ष से आसिफ गाजी और दूसरे पक्ष से आसिफ अली गोली लगने से घायल हुए थे।
फरार आरोपी पर पुलिस का शिकंजा
इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई थी। एक आरोपी मो. आसिफ पहले ही जेल भेजा जा चुका है, लेकिन यासीन गाजी लगातार फरार चल रहा था। 10 अप्रैल 2026 की रात करीब 9:30 बजे गुडम्बा पुलिस ने घेराबंदी कर यासीन गाजी को उसके आवास (कल्याणपुर पश्चिम) से दबोच लिया।
अपराध की दुनिया का पुराना खिलाड़ी
गिरफ्तार यासीन गाजी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उस पर पहले से ही कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
हत्या (302): थाना इंदिरानगर में दर्ज अपहरण और हत्या का मामला।
गैंगस्टर एक्ट: इंदिरानगर थाने से ही गैंगस्टर की कार्रवाई।
जानलेवा हमला (307): गुडम्बा थाने में हत्या के प्रयास और रंगदारी (386) का मुकदमा।
लेनदेन के विवाद ने ली थी रंजिश की शक्ल
पुलिस की जांच में सामने आया कि यह पूरी घटना रुपयों के विवाद के कारण हुई थी, जिसमें जान से मारने की नियत से गोलियां चलाई गई थीं। गुडम्बा थाना पुलिस अब यासीन गाजी को कोर्ट में पेश कर अग्रिम विधिक कार्यवाही में जुटी है।
Also Read: वृंदावन नाव हादसे पर भावुक हुईं सांसद डिंपल यादव, ‘लापरवाही’ पर सरकार को घेरा

