Lucknow News: ‘जेल में न AC, न ट्विटर…’, गोमती रिवर फ्रंट को लेकर अखिलेश यादव पर बरसे ओमप्रकाश राजभर

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने गोमती रिवर फ्रंट परियोजना को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है।

राजभर ने सोशल मीडिया पर “सत्यमेव जयते: गोमती रिवर फ्रंट, सैफई परिवार का भ्रष्टाचार पार्ट-1” शीर्षक से एक पोस्टर साझा करते हुए गंभीर आरोप लगाए।

राजभर का दावा है कि गोमती रिवर फ्रंट परियोजना में हुए कथित घोटाले की जांच चल रही है और बहुत जल्द पूरा सच जनता के सामने आएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस परियोजना का पैसा वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में खर्च किया गया।

राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि “विरोधी दल के नेता थोड़ा धैर्य रखें, क्योंकि जेल जाने पर न एसी की हवा मिलेगी, न ट्विटर चलाने का मौका और न ही प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की आज़ादी।”

OP Rajbhar

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नोटबंदी के कारण विपक्षी दल चुनाव में काले धन का इस्तेमाल नहीं कर पाए, जिससे कथित तौर पर गोमती रिवर फ्रंट परियोजना का काम अधूरा रह गया।

राजभर के मुताबिक, पूरा बजट खर्च होने के बावजूद जमीन पर केवल करीब 60 प्रतिशत काम ही हो सका, जबकि शेष राशि का दुरुपयोग किया गया।

अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा कि उन्हें भरोसा था कि वे दोबारा सत्ता में लौट आएंगे और सब कुछ दब जाएगा, लेकिन जनता के सामने सच्चाई आ गई और सरकार बदलते ही पुराने मामलों की परतें खुलने लगीं।

राजभर ने यह भी दावा किया कि उनके पास पूरे मामले से जुड़े दस्तावेज मौजूद हैं और आने वाले दिनों में वे एक-एक कर सभी तथ्यों को सार्वजनिक करेंगे।

हालांकि, इन आरोपों पर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Also Read: Lucknow News: विश्व योग दिवस पर महर्षि विद्या मंदिर में योगाभ्यास का आयोजन, ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम के तहत हुआ कार्यक्रम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.