US-ईरान पीस टॉक के बीच कतर के गैस टर्मिनल में बड़ा धमाका, 54 घायल, 18 लापता

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका और ईरान के बीच जारी शांति वार्ता के बीच कतर के रास लाफान औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक प्रमुख नेचुरल गैस एक्सपोर्ट टर्मिनल में रविवार रात (21 जून) भीषण धमाका हो गया।

हादसे में अब तक 54 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है, जबकि 18 लोग कई घंटों तक लापता बताए गए। धमाके के बाद टर्मिनल में भीषण आग लग गई, जिस पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं।

कतर की सरकारी ऊर्जा कंपनी QatarEnergy के अनुसार, यह विस्फोट रास लाफान स्थित ‘बरजान’ गैस सप्लाई प्लांट में काम के दौरान हुआ।

घटना के समय कर्मचारी, ईरान से जुड़ी सुरक्षा चिंताओं के बाद बंद पड़े टर्मिनल को दोबारा शुरू करने की कोशिश कर रहे थे। धमाके से हुए नुकसान का आकलन अभी जारी है।

कतर के गृह मंत्रालय ने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

लापता लोगों की तलाश के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी है।

कतर दुनिया के शीर्ष प्राकृतिक गैस उत्पादकों में शामिल है, ऐसे में इस बड़े औद्योगिक हादसे का असर वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और बाजारों पर भी पड़ सकता है।

इससे पहले ईरान की ओर से होर्मुज स्ट्रेट को लेकर तनाव के चलते कतर को गैस आपूर्ति और उत्पादन अस्थायी रूप से रोकना पड़ा था।

अधिकारियों के मुताबिक, बीते महीनों में रास लाफान क्षेत्र को लेकर सुरक्षा चिंताएं बढ़ी थीं। अब जबकि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत के संकेत मिल रहे थे और हालात में कुछ सुधार की उम्मीद जगी थी, उसी दौरान यह बड़ा हादसा हो गया।

बताया जा रहा है कि ‘बरजान’ प्लांट कतर के लिए रणनीतिक रूप से बेहद अहम है। इसकी क्षमता प्रतिदिन लगभग 1.4 अरब स्टैंडर्ड क्यूबिक फीट गैस उत्पादन की है, जिसका उपयोग बिजली उत्पादन और जल शोधन संयंत्रों को चलाने में किया जाता है।

प्लांट का अधिकांश स्वामित्व कतर के पास है, जबकि एक छोटा हिस्सा एक अमेरिकी ऊर्जा कंपनी के पास है।

फिलहाल, कतर प्रशासन ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रित होने तक टर्मिनल के संचालन पर रोक लगा दी गई है।

Also Read: ट्रंप की धमकी से भड़का ईरान, वार्ता बीच में छोड़ी, बोला- पहले लेबनान में युद्ध रुके तभी बात होगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.