सावधान! कहीं आपका किरायेदार भी तो नहीं रच रहा साजिश? लखनऊ में करोड़ों की संपत्ति हड़पने वाला आरोपी गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में एक सनसनीखेज धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां एक किरायेदार ने विश्वासघात की सारी हदें पार करते हुए अपनी मकान मालकिन का घर ही फर्जी दस्तावेजों के जरिए हड़प लिया। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के थाना ठाकुरगंज की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस जालसाजी के मुख्य सूत्रधार नूरुल हसन को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
मामले का खुलासा तब हुआ जब 8 मार्च 2026 को पीड़िता (मकान मालकिन) ने थाने में तहरीर दी। पीड़िता के अनुसार आरोपी नूरुल हसन उनके मकान में बतौर किरायेदार रहता था। उसने मिलीभगत कर कूटरचित (फर्जी) दस्तावेज तैयार किए और मकान को चोरी-छिपे किसी अन्य व्यक्ति के नाम हस्तांतरित कर दिया। जब महिला को इस जालसाजी की भनक लगी और उसने विरोध किया, तो नूरुल हसन और उसके 6 अन्य साथियों ने महिला के साथ गाली-गलौज की, उसे बेरहमी से पीटा और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
ठाकुरगंज पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं (318(4), 338, 336(3), 340(2), 191(2), 115(2), 352, 351(3)) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया।
सुरागरसी और पतारसी के दौरान पुलिस टीम ने जाल बिछाकर मुख्य अभियुक्त नूरुल हसन (पुत्र स्व. अनवारुल हसन) को शीशमहल मेन बिल्डिंग, हुसैनाबाद के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य 6 नामजद सदस्यों की तलाश कर रही है जिन्होंने इस फर्जीवाड़े और मारपीट में नूरुल का साथ दिया था। अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
Also Read: अखिलेश को जॉर्डन के रास्ते सकुशल वापस लाया गया घर, पत्नी ने सीएम योगी का जताया आभार

