राघव चड्ढा ने वीडियो जारी कर खोली आप की पोल, बोले- घायल हूं, इसलिए और भी घातक हूं
Sandesh Wahak Digital Desk: आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर मचे घमासान ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। पार्टी द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों पर राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने जोरदार पलटवार किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी करते हुए चड्ढा ने साफ कहा कि उनके खिलाफ एक स्क्रिप्टेड और सोची-समझी साजिश के तहत हमला किया जा रहा है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, मैं बोलना नहीं चाहता था, लेकिन चुप रहता तो दोहराया गया झूठ सच लगने लगता।
मैं बोलना नहीं चाहता था, मगर चुप रहता तो बार-बार दोहराया गया झूठ भी सच लगने लगता।
Three Allegations. Zero Truth.
My Response: pic.twitter.com/tPdjp04TLt
— Raghav Chadha (@raghav_chadha) April 4, 2026
राघव चड्ढा की तीन टूक सफाई
राघव चड्ढा ने एक-एक कर पार्टी के तीनों मुख्य आरोपों की धज्जियां उड़ा दीं।
विपक्ष का साथ नहीं दिया
पार्टी का आरोप था कि जब विपक्ष सदन से वॉकआउट करता है, तो चड्ढा अपनी सीट पर बैठे रहते हैं। इस पर उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, यह पूरी तरह गलत है। मैंने हर वॉकआउट में विपक्ष का साथ दिया है। संसद में हर तरफ CCTV कैमरे लगे हैं, कोई भी रिकॉर्ड देख सकता है। अगर मैंने साथ नहीं दिया, तो कोई एक उदाहरण पेश करके दिखाए।
चुनाव आयुक्त के खिलाफ हस्ताक्षर से इनकार
मुख्य चुनाव आयुक्त के महाभियोग (Impeachment) प्रस्ताव पर दस्तखत न करने के आरोप पर चड्ढा ने कहा, यह सफेद झूठ है। मुझे न तो आधिकारिक तौर पर और न ही अनौपचारिक तौर पर इसके लिए कहा गया। ‘आप’ के 10 में से कई सांसदों ने साइन नहीं किए थे, फिर सारा दोष मुझ पर ही क्यों मढ़ा जा रहा है? जबकि विपक्ष के पास 105 सांसद थे और जरूरत सिर्फ 50 की थी।
मुद्दों से डरने का आरोप
चड्ढा पर आरोप लगा कि वह डर गए हैं और गंभीर मुद्दे नहीं उठाते। इस पर उन्होंने अपने 4 साल का रिकॉर्ड सामने रखा। उन्होंने कहा, मैं संसद में गाली-गलौज या शोर मचाने नहीं जाता। मैंने हमेशा पंजाब का पानी, दिल्ली की हवा, जीएसटी, बेरोजगारी, महंगाई और मेन्स्ट्रुअल हेल्थ जैसे जनता से जुड़े मुद्दे उठाए हैं। मेरा काम शोर मचाना नहीं, समाधान ढूंढना है।
राघव चड्ढा ने अपने संदेश के अंत में कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि उनके खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान के हर झूठ को वह बेनकाब करेंगे। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि उन्हें इन आरोपों से गहरी चोट पहुंची है और अब वह हर सवाल का डटकर जवाब देने के लिए तैयार हैं।

