एटा में मोहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा, हाईटेंशन लाइन से टकराया ताजिया, युवक की मौत
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले के अलीगंज कस्बे में मोहर्रम के जुलूस के दौरान गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। पुरानी तहसील चौराहे के पास गश्त का ताजिया अचानक हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसमें करंट दौड़ गया। इस दर्दनाक घटना में 19 वर्षीय युवक सैफ की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जुलूस में मची अफरा-तफरी
देर रात मोहर्रम का जुलूस पुरानी तहसील क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान ताजिया अचानक एक ओर झुक गया और ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। बिजली आपूर्ति चालू होने के कारण ताजिया उठा रहे लोग तेज करंट की चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
अस्पताल में घायलों का इलाज जारी
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने मेवातियान मोहल्ला निवासी सैफ को मृत घोषित कर दिया। घायलों में साहिल, अली हसन, आमिर, खुर्शीद, असरफ और नसीम समेत सात लोग शामिल हैं। अस्पताल में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई और आक्रोश देखने को मिला।
प्रशासन पर सवाल, जांच के आदेश
लोगों ने बिजली विभाग और प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जुलूस के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और न ही बिजली लाइन की सुरक्षा पर ध्यान दिया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे ने मौके का निरीक्षण कर जांच और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

