Kanpur News: खुद को बीजेपी नेता बताने वाले ने छात्रा से 19 बार किया रेप, आरोपी गिरफ्तार
Kanpur News: उत्तर प्रदेश के औद्योगिक शहर कानपुर में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला प्रकाश में आया है। नजीराबाद थाना क्षेत्र में अनुभव उर्फ कृष्णा पांडे नामक युवक पर एक 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा को प्रेमजाल में फंसाकर लगातार शारीरिक शोषण करने का आरोप लगा है। आरोपी ने न केवल छात्रा को ब्लैकमेल किया, बल्कि होटल में कमरा लेने के लिए छात्रा के आधार कार्ड में जन्मतिथि बदलकर बड़ा फर्जीवाड़ा भी किया।
पीड़िता ने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि कृष्णा पांडे ने सोशल मीडिया के जरिए उससे संपर्क साधा था। शादी का झांसा देकर आरोपी छात्रा को होटल ले गया, जहां उसने गलत काम किया और उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद एक साल तक आरोपी उस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर छात्रा को डराता रहा। इस दौरान उसने अलग-अलग होटलों में करीब 19 बार छात्रा का यौन शोषण किया। छात्रा के नाबालिग होने के बावजूद होटलों में एंट्री पाने के लिए कृष्णा ने उसके आधार कार्ड में काट-छांट कर उसे बालिग दिखाया।
होटल प्रबंधन और परिवार पर गंभीर आरोप
इस मामले में केवल मुख्य आरोपी ही नहीं, बल्कि कई अन्य लोग भी जांच के घेरे में हैं। पीड़िता का आरोप है कि होटल मैनेजर ने इस कृत्य में आरोपी का साथ दिया और उसे धमकाया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और रजिस्टर के जरिए मैनेजर की भूमिका की जांच कर रही है। छात्रा की मां जब शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंची, तो कृष्णा के पिता, भाई और चाचा ने कथित तौर पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी और दबंगई दिखाई।
भाजपा का स्पष्टीकरण
आरोपी खुद को नजीराबाद मंडल का सोशल मीडिया प्रभारी बताता था, लेकिन मामला गरमाता देख भाजपा ने पल्ला झाड़ लिया है। शहर अध्यक्ष अनिल दीक्षित के अनुसार, उक्त युवक को पहले ही अनुशासनहीनता के कारण पार्टी से निकाला जा चुका है और वर्तमान में उसका भाजपा से कोई संबंध नहीं है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी कृष्णा पांडे को गिरफ्तार कर लिया है।
कृष्णा पांडे, होटल मैनेजर और परिवार के सदस्यों समेत 5 लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO), धोखाधड़ी, जालसाजी और रेप की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराया जा चुका है और जल्द ही कोर्ट में धारा 164 के तहत उसके बयान दर्ज किए जाएंगे।

