फिरोजाबाद के स्कूल में क्रूरता! 4 साल के मासूम की आंख में घोंपी पेंसिल, बड़े भाई का कान फाड़ा
Firozabad News: फिरोजाबाद के एक निजी स्कूल से बच्चों के साथ कथित क्रूरता का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल की एक शिक्षिका ने एलकेजी में पढ़ने वाले 4 वर्षीय बच्चे की आंख में पेंसिल घोंप दी, जिससे उसकी आंख गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, उसी परिवार के बड़े बेटे के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है, जिसमें उसके कान में गंभीर चोट आई।
पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने स्कूल के निदेशक, मैनेजर और दो शिक्षिकाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले ने इलाके में अभिभावकों की चिंता भी बढ़ा दी है।
कोटला रोड स्थित श्रीराम कॉलोनी निवासी मनोज कुमार के मुताबिक, उनका चार वर्षीय बेटा अनमोल मदर प्राइड इंटरनेशनल स्कूल में एलकेजी का छात्र है। आरोप है कि 6 जुलाई को कक्षा के दौरान शिक्षिका काजल ने उसकी आंख में पेंसिल घोंप दी, जिससे उसकी आंख बुरी तरह जख्मी हो गई।
परिजनों का कहना है कि घटना के बाद बच्चे को गंभीर हालत में नई दिल्ली स्थित एम्स ले जाया गया, जहां 12 जुलाई को उसकी आंख का ऑपरेशन किया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि स्कूल के मैनेजर विश्वनाथ शर्मा ने भी बच्चे के साथ मारपीट की।
बड़े भाई के साथ भी मारपीट का आरोप
परिवार का आरोप है कि जब वे छोटे बेटे के इलाज के सिलसिले में दिल्ली में थे, उसी दौरान स्कूल में पढ़ने वाले उनके पांच वर्षीय बड़े बेटे आर्यन के साथ भी मारपीट की गई।
शिकायत के अनुसार, शिक्षिका योगेंद्री की पिटाई से बच्चे के कान में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। परिजनों का दावा है कि डॉक्टरों ने कान के पर्दे में चोट की पुष्टि की है।
CCTV फुटेज मांगने पर धमकाने का आरोप
मनोज कुमार का आरोप है कि दोनों घटनाओं की सच्चाई जानने के लिए जब उन्होंने स्कूल प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज मांगी तो उन्हें बताया गया कि फुटेज डिलीट हो चुकी है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल के निदेशक ने अभद्र व्यवहार किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने दर्ज की FIR
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले में स्कूल के निदेशक, मैनेजर और दोनों शिक्षिकाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्य जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: 10 साल की मासूम से रेप के बाद हत्या, गोरखपुर का आरोपी सिपाही बर्खास्त, NSA लगाने की तैयारी

