आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दो SUV की भीषण भिड़ंत, इटावा DFO और चालक की मौत

Firozabad News: फिरोजाबाद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे (Agra-Lucknow Expressway) पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। सिरसागंज थाना क्षेत्र के नगला खंगर के पास दो SUV की आमने-सामने टक्कर में इटावा के जिला वन अधिकारी (DFO) विकास नायक और उनके चालक देवांश की मौत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार छह लोग घायल हुए हैं।

हादसा माइलस्टोन 68.800 के पास सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो-एन हरियाणा की ओर से लखनऊ जा रही थी। इसी दौरान चालक को अचानक झपकी आने की बात सामने आई। वाहन बेकाबू होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जा पहुंचा और सामने से आ रही एक्सयूवी-700 से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। एक्सयूवी-700 में इटावा के DFO विकास नायक, उनके चालक देवांश समेत तीन लोग सवार थे। दूसरी गाड़ी में कोलकाता निवासी चालक, उनकी 65 वर्षीय पत्नी समेत अन्य लोग मौजूद थे।

हादसे (Agra-Lucknow Expressway) की सूचना मिलते ही आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम, पीआरबी 5618 और नगला खंगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मियों ने क्षतिग्रस्त वाहनों से सभी घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से सैफई स्थित पीजीआई (PGI Saifai) भेजा।

इलाज के दौरान DFO और चालक ने दम तोड़ा

सैफई पीजीआई में इलाज के दौरान DFO विकास नायक और उनके चालक देवांश की मौत हो गई। दोनों की मौत की खबर मिलते ही इटावा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। वहीं अन्य घायलों का इलाज जारी है।

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और सुरक्षा टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर पुलिस चौकी पहुंचाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो गया।

Also Read: झांसी में श्राद्ध कर्म के दौरान बड़ा हादसा, सुखनई नदी में डूबे एक परिवार के 5 लोग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.