Pratapgarh News: एलपीजी सिलेंडर से लगी भीषण आग, गृहणी की जिंदा जलकर मौत

Pratapgarh News: हथिगवां थाना क्षेत्र के पुरे गड़ेरियान गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में खाना बनाते समय एलपीजी गैस सिलेंडर से अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से गृहणी की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार हथिगवां थाना क्षेत्र के पुरे गड़ेरियान गांव निवासी राजू पाल के घर में उनकी पत्नी रेनू देवी सुबह खाना बना रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खाना बनाते समय अचानक सिलेंडर से गैस का रिसाव शुरू हो गया। इससे पहले कि रेनू देवी कुछ समझ पातीं, चूल्हे की आग ने गैस को पकड़ लिया और देखते ही देखते पूरे रसोईघर में भीषण आग फैल गई। आग इतनी तेज थी कि रेनू देवी को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वह आग की लपटों से घिर गईं।

परिजनों एवं पड़ोसियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग विकराल रूप ले चुकी थी। इसी बीच किसी ने घटना की सूचना हथिगवां पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह तत्काल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी गई। अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब तक आग बुझती, तब तक रेनू देवी पत्नी राजू पाल की आग से बुरी तरह झुलसने के कारण मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

एलपीजी सिलेंडर से लगी भीषण आग, गृहणी की जिंदा जलकर मौत

गैस रिसाव होने से हुआ हादसा

थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में सुबह खाना बनाते समय सिलेंडर से गैस रिसाव होना हादसे का कारण प्रतीत हो रहा है। फिर भी सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पति राजू पाल का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि रेनू देवी बेहद मिलनसार स्वभाव की महिला थीं। अचानक हुए इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना के बाद से ही हथिगवां पुलिस मौके पर तैनात है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि गैस सिलेंडर का उपयोग करते समय सावधानी बरतें और रेगुलेटर को प्रयोग के बाद बंद कर दें।

रिपोर्ट- विनोद मिश्र

Also Read: लखनऊ में पल्लवी पटेल का रेल रोको आंदोलन, समर्थकों के साथ रेलवे इंजन पर चढ़ीं विधायक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.