लखनऊ में पल्लवी पटेल का रेल रोको आंदोलन, समर्थकों के साथ रेलवे इंजन पर चढ़ीं विधायक

Lucknow News: सिराथू से विधायक और अपना दल (कमेरावादी) की नेता पल्लवी पटेल ने शनिवार को राजधानी लखनऊ में यूजीसी के नए प्रावधानों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। पल्लवी पटेल के नेतृत्व में करीब 2000 कार्यकर्ताओं ने चारबाग रेलवे स्टेशन पर धावा बोल दिया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी यूजीसी के उन नियमों को लागू करने की मांग कर रहे हैं, जिन पर फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा रखी है।

दोपहर करीब डेढ़ बजे अपना दल (के) के कार्यकर्ता चारबाग में एकत्र हुए और विधानसभा की ओर कूच करने की कोशिश की। पुलिस ने जब बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोका, तो आक्रोशित कार्यकर्ता रेलवे स्टेशन के भीतर घुस गए। देखते ही देखते पल्लवी पटेल और उनके समर्थक प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर रेल की पटरियों पर उतर आए और वहां खड़े एक रेलवे इंजन पर चढ़ गए।

करीब डेढ़ घंटे तक चले इस हंगामे के कारण स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद प्रदर्शनकारियों को ट्रैक से हटाया और विधायक सहित सभी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बसों के जरिए इको गार्डन भेज दिया।

प्रदर्शन में शामिल नेता अनिल राज कोरी ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि पिछड़ों और दलितों के हक के लिए हमने पहले बस रोकी थी और आज रेल रोकी है। अगर जरूरत पड़ी तो हम हवाई जहाज भी रोकेंगे और एयरपोर्ट पर ताला लगा देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे मुकदमों से नहीं डरते, बल्कि उन्हें मेडल की तरह समझते हैं।

Also Read: दिल्ली को मिली हरित सौगात, सेंट्रल रिज के 673 हेक्टेयर क्षेत्र को आरक्षित वन का दर्जा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.