Shamli News: शामली एनकाउंटर में 50 हजार का इनामी मेहताब ढेर, साथी फरार
Shamli Encounter News: उत्तर प्रदेश पुलिस को शुक्रवार को बड़ी सफलता मिली। शामली जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी शार्प शूटर मेहताब उर्फ बेचैन मारा गया। इस कार्रवाई के दौरान एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मौके से एक देसी कारबाइन, एक पिस्टल और भारी संख्या में कारतूस बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि मेहताब के खिलाफ करीब तीन दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
फायरिंग के बाद हुआ एनकाउंटर
जानकारी के अनुसार, बाबरी थाना और आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के बीच पुलिस को सूचना मिली थी कि दो बदमाश एक युवक के साथ घटना करने के बाद बाइक से भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी। दोनों आरोपी कांधला थाना क्षेत्र के खंद्रावली के जंगल की ओर भागने लगे। इस दौरान कांधला पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
जब पुलिस ने बाइक सवार बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों ओर से गोलियां चलीं। मुठभेड़ के दौरान मेहताब को गोली लगी, जबकि उसका दूसरा साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गया। दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मेहताब की मौत हो गई।
फरार साथी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, मेहताब एक शार्प शूटर था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ हत्या, लूट और अन्य गंभीर अपराधों समेत तीन दर्जन से अधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। फिलहाल पुलिस उसके फरार साथी की तलाश में लगातार सर्च अभियान चला रही है।
इधर, बरेली में भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेंट्रल जेल के कृषि फार्म से फरार 25 हजार रुपये के इनामी कैदी दिनेश को गुरुवार देर रात इज्जतनगर पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

