Bareilly News: सेंट्रल जेल से भागा इनामी कैदी मुठभेड़ में गिरफ्तार
Bareilly News: उत्तर प्रदेश की बरेली पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। इज्जतनगर थाना पुलिस ने शुक्रवार तड़के एक मुठभेड़ के दौरान बरेली सेंट्रल जेल से फरार हुए 25 हजार रुपये के इनामी और उम्रकैद की सजा काट रहे कैदी दिनेश को गिरफ्तार कर लिया है। आत्मरक्षार्थ की गई पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देसी तमंचा (315 बोर), एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
गिरफ्तार कैदी दिनेश (23 वर्ष) अमरोहा जिले के थाना डिडौली के ग्राम नन्हेड़ा राजपूत का रहने वाला है। उसे साल 2020 में दर्ज हुए कुकर्म, पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के एक मामले में अमरोहा की विशेष अदालत ने इसी साल 9 जनवरी 2026 को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। इसके बाद उसे बिजनौर जेल से 19 अप्रैल 2026 को बरेली सेंट्रल जेल ट्रांसफर किया गया था।
फरारी की इनसाइड स्टोरी
22 जून 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे दिनेश को जेल के कृषि फार्म (कमान नंबर 01) में काम पर लगाया गया था। वह पानी पीने के बहाने ट्यूबवेल के पास गया और वहां लगे ढेंचा (एक प्रकार की ऊंची फसल) के खेत में छिपते हुए जेल की ऊंची दीवार लांघकर पीछे बनी बस्ती की तरफ भाग निकला।
जेल की दीवार के पास काम करने के दौरान उसकी मुलाकात परतापुर के रहने वाले नासिर कुरैशी से हुई थी। जेल से भागने के बाद वह नासिर के ही घर छिपा हुआ था। इस दुस्साहसिक फरारी के बाद जेलर नीरज कुमार की तहरीर पर इज्जतनगर थाने में केस दर्ज हुआ था और एसएसपी बरेली ने उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित कर टीमें तैनात की थीं।

आधी रात को नैनीताल हाईवे पर तड़तड़ाईं गोलियां
25 जून की रात को इज्जतनगर थाना प्रभारी सुरेश चन्द्र गौतम अपनी टीम के साथ बैरियर वन क्षेत्र में रोड नंबर 8 के सामने नैनीताल हाईवे पर गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि एक संदिग्ध व्यक्ति हाथ में अवैध असलहा लिए हाईवे की तरफ आ रहा था, जो पुलिस की आहट पाकर रेलवे के एक पुराने खंडहर मकान में छिप गया है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र विश्नोई को अतिरिक्त टीम के साथ मौके पर बुलाया। जब पुलिस टीम पेड़ों की ओट लेकर खंडहर मकान की तरफ बढ़ी, तो खुद को घिरता देख दिनेश ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर सीधे फायर झोंक दिया। गोली पुलिसकर्मियों के बेहद पास से गुजर गई। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली दिनेश के पैर में लगी और वह कराहते हुए जमीन पर गिर पड़ा।
घायल अवस्था में पकड़े जाने के बाद दिनेश ने पूछताछ में कुबूल किया कि वह नासिर कुरैशी के घर से असलहा लेकर रात के अंधेरे में अपने पैतृक घर अमरोहा भागने की फिराक में था। हाईवे पर अचानक किसी राहगीर को देखकर वह खंडहर में छुपा था, लेकिन तभी पुलिस आ गई और पकड़े जाने के डर से उसने गोली चला दी।
पुलिस ने बताया कि सेंट्रल जेल से भागने पर दिनेश के खिलाफ पहले ही मुकदमा दर्ज था। वहीं पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने के आरोप में अब उस पर एक और नया मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस पूरी जांबाज कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी सुरेश चन्द्र गौतम, एसएसआई धर्मेन्द्र विश्नोई, दरोगा सुनील कुमार, विकास यादव, लाखन सिंह सहित कई हेड कांस्टेबल और सिपाही शामिल रहे।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: Shamli News: शामली एनकाउंटर में 50 हजार का इनामी मेहताब ढेर, साथी फरार

