दिल्ली में गैंगरेप, पुलिसकर्मी बनकर 3 लोगों ने नाबालिग से किया दुष्कर्म, एनकाउंटर में एक आरोपी ढेर
Delhi Kalkaji Temple Gangrape Case: दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास 17 वर्षीय किशोरी से गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर किशोरी और उसके दोस्त को धमकाया और इसके बाद पार्क में वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, किशोरी सोमवार शाम अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर में दर्शन करने पहुंची थी। इसके बाद दोनों करीब 7:30 बजे मंदिर के पास स्थित आस्था कुंज पार्क में चले गए। इसी दौरान करीब 25 से 30 वर्ष की उम्र के तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया और दोनों को कार्रवाई की धमकी देकर डराया।
आरोप है कि इसके बाद एक युवक ने किशोरी के दोस्त को पकड़ लिया, जबकि बाकी आरोपियों ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद तीनों मौके से फरार हो गए। रात करीब 8:45 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद कालकाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी को मेडिकल जांच के लिए भेजा। मामले में POCSO Act समेत संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
एक आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश
घटना (Delhi Kalkaji Temple Gangrape Case) की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच तेज कर दी। मंगलवार तड़के पुलिस ने आसिफ नाम के एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस अब उसके साथ शामिल बताए जा रहे दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
जांच टीमों ने आस्था कुंज पार्क और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस घटना के समय इलाके में मौजूद लोगों और सक्रिय मोबाइल नंबरों से भी जानकारी जुटा रही है, ताकि वारदात की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सके।
Also Read: दिल्ली में 6 साल की बच्ची से रेप, हिरासत में 34 वर्षीय आरोपी, पुलिस चौकी पर लोगों का हंगामा

