सांसद यूसुफ पठान के ससुर और साले गिरफ्तार, गुजराती परिवार पर हमले का आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: पूर्व क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद यूसुफ पठान के ससुर, उनके साले और एक अन्य रिश्तेदार को मुंबई पुलिस ने मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शनिवार रात मुंबई के भायखला इलाके में एक मामूली विवाद के बाद इन लोगों ने एक गुजराती परिवार पर जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
भायखला पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 9 बजे की है। स्थानीय निवासी यूसुफ खान (30) अपनी कार से घर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी गाड़ी से सड़क पर जमा पानी उछलकर शोएब खान (35) पर जा गिरा। यूसुफ खान ने तुरंत गाड़ी रोककर माफी मांगी, लेकिन शोएब ने गाली-गलौज शुरू कर दी। शोएब ने बांस की लकड़ी से कार का विंडशील्ड तोड़ दिया और यूसुफ खान पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
पीड़ित यूसुफ खान जब अपने परिवार के साथ पुलिस स्टेशन शिकायत दर्ज कराने जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मुलाकात खालिद खान उर्फ मकालिक (यूसुफ पठान के ससुर) से हुई। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, खालिद खान ने अपने बेटे उमरसाद पठान (35), शोयब पठान और एक अन्य रिश्तेदार शेहबाज पठान के साथ मिलकर बहस शुरू की और फिर हमला बोल दिया। लाठियों और बेसबॉल बैट से हमला बोल दिया। इस हमले में यूसुफ खान के भाई सलमान का हाथ फ्रैक्चर हो गया और उनके चाचा जाकी अहमद को गंभीर चोटें आईं।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई
भायखला पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर कार्रवाई की है। खालिद खान, उमरशाद और शोएब पठान को गिरफ्तार कर लिया गया है। चौथा आरोपी शेहबाज पठान फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किए गए बेसबॉल बैट और बांस की लाठियां बरामद कर ली हैं। अदालत में पुलिस ने दलील दी कि आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट रूप से हो गई है, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया।
Also Read: ‘विपक्ष में बैठने के लिए अभी से मेहनत कर रही है BJP’, पदयात्रा पर अखिलेश यादव का करारा तंज

