मुंबई लोकल में दरवाजे को लेकर शुरू हुआ विवाद, 22 वर्षीय युवक की चली गई जान
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में एक बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार रात तेज बारिश के दौरान लोकल ट्रेन के दरवाजे को खुला या बंद रखने को लेकर हुए मामूली विवाद ने एक 22 वर्षीय युवक की जान ले ली।
मृतक की पहचान मयंक लोहार के रूप में हुई है, जो विरार के रहने वाले थे और अंधेरी स्थित वेस्टसाइड आउटलेट में काम करते थे। पुलिस ने घटना के कुछ घंटों के भीतर ही आरोपी रोशन सुवर्णा (30 वर्ष) को पनवेल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मीरा-भायंदर का निवासी है और मुंबई एयरपोर्ट के कार्गो हब में बारकोड मेकर के रूप में कार्यरत है।
भारी बारिश के बीच ट्रेन में बढ़ा तनाव
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10:42 बजे मयंक और रोशन अंधेरी स्टेशन से चर्चगेट-नालासोपारा लोकल ट्रेन के फर्स्ट क्लास डिब्बे में सवार हुए थे। उस समय मुंबई में भारी बारिश हो रही थी और खुले दरवाजे से पानी डिब्बे के अंदर आ रहा था। मयंक दरवाजा बंद करना चाहते थे, जबकि रोशन उसे खुला रखने पर अड़ा हुआ था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
अंधेरी से बोरीवली के बीच सफर के दौरान विवाद बढ़ता गया। डिब्बे में मौजूद लगभग 50 यात्रियों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन रोशन किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। यात्रियों ने मयंक को दूसरे दरवाजे की ओर जाने की सलाह भी दी ताकि मामला शांत हो सके।
चलती ट्रेन में चाकू से हमला, अस्पताल में हुई मौत
मयंक के दूर जाने के बाद भी रोशन का गुस्सा शांत नहीं हुआ। गोरेगांव और मालाड स्टेशनों के बीच उसने अपने बैग से चाकू निकाला और मयंक की छाती और पेट पर तीन से चार बार ताबड़तोड़ वार कर दिया। रात करीब 11:04 बजे बोरीवली स्टेशन पहुंचने से पहले ही आरोपी ट्रेन से कूदकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही GRP और RPF के जवान पहुंचे और घायल मयंक को पहले स्टेशन के इमरजेंसी मेडिकल रूम वहीं बाद में कांदिवली के शताब्दी अस्पताल ले जाया गया, जहां बुधवार तड़के इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
CCTV और यात्रियों के वीडियो बने सबसे बड़े सबूत
आरोपी की तलाश के लिए रेलवे पुलिस ने तुरंत सात विशेष टीमें बनाई। बोरीवली से पनवेल तक 40 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की गई। इस दौरान ट्रेन में मौजूद कुछ यात्रियों द्वारा बनाए गए मोबाइल वीडियो भी पुलिस के हाथ लगे।
वीडियो में काली शर्ट और काली पैंट पहने आरोपी चाकू हाथ में लिए दिखाई दिया। CCTV फुटेज और वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपी रोशन सुवर्णा को पनवेल से गिरफ्तार कर लिया। इस घटना ने मुंबई लोकल में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

