नासिक TCS केस में फरार चल रही निदा खान संभाजीनगर से गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के नासिक स्थित टीसीएस कार्यालय से जुड़े कथित धर्मांतरण और यौन उत्पीड़न मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। मामले की मुख्य आरोपियों में से एक, निदा खान को महाराष्ट्र पुलिस ने छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) से गिरफ्तार कर लिया है। निदा पिछले कई दिनों से पुलिस की पकड़ से बाहर थी और लगातार अपनी लोकेशन बदल रही थी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, निदा खान को छत्रपति संभाजीनगर के नरेगांव स्थित कैसर कॉलोनी के एक आवासीय परिसर से पकड़ा गया। वह वहां अपने परिजनों के साथ छिपी हुई थी। नासिक एसआईटी (SIT) और स्थानीय क्राइम ब्रांच की टीमें पिछले दो दिनों से उस इमारत पर नजर रख रही थीं। तकनीकी निगरानी और खुफिया इनपुट के आधार पर गुरुवार को घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया गया। ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस उसे आगे की पूछताछ के लिए नासिक ले गई है।
अदालत से नहीं मिली थी राहत
गिरफ्तारी से पहले निदा खान ने नासिक की अदालत में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी। उसने खुद के दो महीने की गर्भवती होने का हवाला देकर अंतरिम राहत की मांग की थी, लेकिन मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अदालत ने उसे किसी भी तरह की राहत देने से इनकार कर दिया था।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब टीसीएस नासिक शाखा की एक महिला कर्मचारी ने अपने सहकर्मी दानिश शेख के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि दानिश ने अपनी शादी की बात छिपाकर पीड़िता को शादी का झांसा दिया और शारीरिक संबंध बनाए। दानिश की बहन निदा खान पर आरोप है कि उसने पीड़िता के धर्म पर आपत्तिजनक टिप्पणी की और उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया।
Also Read: IPL 2026: BCCI ने जारी की सख्त गाइडलाइन, खिलाड़ियों को ‘हनी ट्रैप’ से सतर्क रहने की चेतावनी

