UP 2027 का चुनावी शंखनाद: ओपी राजभर अतरौलिया से ठोकेंगे ताल, बदले सियासी समीकरण

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपने बेबाक अंदाज और चौंकाने वाले फैसलों के लिए मशहूर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मिशन-2027 के लिए अपने पत्तों का खुलासा कर दिया है। जनपद दौरे पर आए राजभर ने घोषणा की है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव आजमगढ़ की अतरौलिया सीट से लड़ेंगे, जबकि उनके बेटे अरविंद राजभर दीदारगंज विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे।

अतरौलिया और दीदारगंज: राजभर का ‘मास्टरस्ट्रोक’

ओमप्रकाश राजभर ने आजमगढ़ को अपनी भावी राजनीतिक कर्मभूमि के रूप में चुना है। अतरौलिया सीट वर्तमान में विपक्ष का मजबूत गढ़ मानी जाती है, जहां से चुनाव लड़कर राजभर सीधे तौर पर घेराबंदी की तैयारी में हैं। जबकि दीदारगंज से अरविंद राजभर को उतारकर पार्टी युवा नेतृत्व और राजभर वोट बैंक को एकजुट करने का प्रयास कर रही है। राजभर ने विश्वास जताया कि 2027 में एनडीए (NDA) आजमगढ़ की सभी 10 विधानसभा सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

समरसता रैली से बढ़ी विरोधियों की धड़कन

22 फरवरी को आयोजित ‘समरसता रैली’ की सफलता का जिक्र करते हुए राजभर ने कहा कि रैली में उमड़ी भीड़ ने विरोधियों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। पार्टी जल्द ही एक भव्य महिला सम्मेलन आयोजित करने जा रही है, जिसका उद्देश्य महिला मतदाताओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ना है। राजभर ने कहा कि सुभासपा की नीतियां समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा में लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

पूर्वांचल में नई हलचल

राजभर की इस घोषणा ने न केवल आजमगढ़ बल्कि पूरे पूर्वांचल की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। सुभासपा अब एक मजबूत विकल्प के रूप में खुद को स्थापित करने के लिए जातिगत समीकरणों और जनसंपर्क पर फोकस कर रही है। कैबिनेट मंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने के लिए तैयार है।

Also Read: Meerut News: सेंट्रल मार्केट पर चला सुप्रीम कोर्ट का डंडा, भारी विरोध के बीच 44 संपत्तियों पर सीलिंग शुरू

Get real time updates directly on you device, subscribe now.